कानपुर (हि.स.)। छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयला घाट पर गंगा नदी नहाने गए दो किशोरों की डूब कर मौत हो गई। मामले की जानकारी उस वक्त हुई जब परिजन घाट पहुंचे और किशोरों के कपड़े नदी किनारे मिले। शक के आधार पर पुलिस को सूचना दी गई। गोताखोरों की तलाश में दोनों के शव मिल गए। बेटों के शव देख परिजन बिलख पड़े।
चकेरी के छबीलेपुरवा निवासी किशोर पुनीत साथी सुशांत के साथ रविवार को कोयला घाट गंगा नदी के पास घूमने की बात परिजनों से कहकर घर से निकले थे। काफी देर बाद तक जब पुनीत व सुशांत घर नहीं लौटे तो परिजन खोजते हुए कोयला घाट पहुंचे। घाट पर नदी किनारे दोनों किशोरों के कपड़े व मोबाईल रखा देख परिजन दंग रहे गए। बेटों के गंगा में डूबने की आशंका पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और गोताखोरों को बुलाया गया।
पुलिस ने गोताखोरों से नदी में तलाश कराई तो दोनों किशोरों के शव मिल गए। बेटों के शव देख परिजन बिलख पड़े। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महमूद
