— सदियों बसी कालोनियों की बिक्री पर लगाई जाए रोक
कानपुर (हि.स.)। गोविन्द नगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक श्रमिक कालोनियां हैं। यहां पर रहने वाले लोग भी कोरोना काल में आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में कालोनियों का किराया बढ़ाया जाना व बिक्री किये जाने का केडीए का फैसला जनता के हित में नहीं है। यह बातें बुधवार को गोविन्द नगर सीट से भाजपा विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने कही।
गोविंद नगर विधानसभा के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने केडीए वीसी को एक पत्र प्रेषित किया और केडीए सचिव से मौखिक वार्ता की। उन्होंने केडीए द्वारा कालोनियों के बिक्री एवं किराया वृद्धि पर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई और उसको तत्काल प्रभाव से रोकने की बात कही। सचिव से कहा कि सदियों पुरानी बसी कालोनियों के बिक्री एवं किराया वृद्धि को वर्तमान कोरोना संकट के कारण रोक दिया जाना चाहिए। कहा कि हमारी विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक केडीए की कालोनियां है तथा साथ ही साथ पूरे कानपुर महानगर में भी अच्छी संख्या में केडीए की कॉलोनीयां सदियों पुरानी बसी हुई है। जिन कालोनियों में विपरीत परिस्थितियों में किसी प्रकार से ही कई—कई पीढ़ियों ने अपना जीवन गुजारा है।
कहा कि, वर्तमान समय में हम सब लोग जानते हैं कि पिछले दो वर्षों से कोरोना का कालखंड पूरे समाज को कहीं ना कहीं परेशान कर रहा है। ऐसी परिस्थिति में प्रत्येक कॉलोनी वासी इस समय अपने परिवार के पालन पोषण में एवं बच्चों की शिक्षा में तथा स्वास्थ्य आदि में अपनी दिनचर्या में कहीं ना कहीं कठिनाइयों का सामना भी कर रहा है। ऐसे में कालोनियों की बिक्री का पैसा देना या किराया वृद्धि का भुगतान करना आम जनता के बस की बात नहीं है। विधायक ने कहा कि आपसे जनता के लिए व्यवहारिक रूप से न्याय की उम्मीद है।
