कानपुर (हि.स.)। कानपुर स्मार्ट सिटी में बीते कई महीनों से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। केवल अहिरवां में मुख्य चार्जिंग स्टेशन और डिपो स्थापित है। ऐसे में ई-बसों को चार्जिंग के लिए वहां जाना पड़ता है। जिससे यात्री सेवाओं में परेशानी होती हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए मंडलायुक्त डॉ राजशेखर ने एक “अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन” स्थापित कराने की कवायत तेज कर दी है। इसके चलते उन्होंने शुक्रवार को फजलगंज सिटी बस डिपो का निरीक्षण कर अंतिम रूप दिया गया।
मंडलायुक्त अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन स्थापित कराने को लेकर फजलगंज सिटी बस डिपो का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पर उन्होंने बताया कि परियोजना की कुल लागत 1.1 करोड़ रूपये है। इसमें 4 चार्जिंग पॉइंट होंगे जो आवश्यकता पड़ने पर एक दिन में 20 बसों को चार्ज कर सकते हैं। आज की तारीख में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 45 प्रतिशत है।
आयुक्त ने एमडी सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड, पीएम सी एंड डीएस और पीएमआई अधिकारियों (चार्जिंग मशीनों के लिए) को अगले एक महीने में सभी लंबित कार्यों को पूर्ण करने के लिए कहा ताकि इस साइट पर बसों की चार्जिंग जून के महीने में शुरू की जा सके। बताया कि एक बार यह परियोजना पूरी हो जाने के बाद, यह 20 ई-बसों को आवश्यकता पड़ने पर चार्ज करने में मदद करेगा और इस प्रकार इस क्षेत्र में आम जन मानस के लिए ई-बसों की त्वरित और निरंतर सेवा सुनिश्चित करेगा।
स्थल निरीक्षण के दौरान, आयुक्त ने पाया कि लगभग 36 सीएनजी बसें हैं और डीजल सिटी बसें कई वर्षों से खराब और अप्रयुक्त पड़ी हैं। इस पर आयुक्त ने एमडी सिटी ट्रांसपोर्ट से कहा कि यदि वे उस श्रेणी में आते हैं तो उन्हें “अनुपयोगी/कंडेम्ड” घोषित किया जाए और उन्हें सिटी ट्रांसपोर्ट बोर्ड की मंजूरी लेकर अगले 3 महीनों में निस्तारण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एमडी सिटी ट्रांसपोर्ट के नोडल अधिकारी ई-बस डीवी सिंह, पीएम सी एंड डीएस मौजूद रहें।
बता दें कि, कानपुर स्मार्ट सिटी और कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से “इलेक्ट्रिक बसें (ई-बस)” की महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की है। जनपद में इसके अंतर्गत कुल 60 ई-बसें चल रही हैं। मुख्य चार्जिंग स्टेशन और डिपो कानपुर के अहिरवां में स्थापित किया गया है। इलेक्ट्रिक बसों की क्षमता 110 किलोमीटर प्रति चार्ज है। इसको देखते हुए अन्य जगह पर चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने की दिशा में कार्य तेज कर दिया गया है।
महमूद/मोहित
