– पुलिस कमिश्नर ने आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई करने की कही बात
कानपुर (हि.स.)। जनपद के बिठूर थानाक्षेत्र अंतर्गत एक गौशाला में गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कम्प मच गया। ग्रामीणों की भीड़ देख गौशाला से दो युवक बाइक छोड़कर भाग निकले। गौवंश की सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ता के साथ भीड़ जमा हो गई। गौशाला में गोवंशों के अवशेष की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस के साथ पुलिस कमिश्नर, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर के साथ भारी पुलिस फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने डॉक्टरों की टीम के साथ मौके पर जांच कराते हुए प्रकरण में दो अभियुक्तों की पहचान कर गिरफ्तारी में जुट गई हैं।
कानपुर के चौबेपुर ब्लॉक के बिठूर थाना अंतर्गत स्थित बनी गांव में ग्राम समाज की जमीन पर गौशाला है। जहां पर तालाब खुदाई का काम मजदूरों द्वारा किया जा रहा है। गुरूवार को खुदाई के दौरान मजदूरों को एक गोवंश का सिर गौशाला के बाहर कच्चे नाले में पड़ा मिला। गोवंश का सिर मिलने पर मजदूरों ने ग्रामीणों की जानकारी दी। ग्रामीणों की भीड़ ने शक के आधार पर गौशाला के अंदर बने कमरे में पहुंची, जहां एक बोरी में गोवंश के अवशेष रखे देख हड़कम्प मच गया। इस दौरान वहां से दो अज्ञात युवक बाइक छोड़कर भाग निकले।
ग्रामीणों ने गोवंशों के अवशेष मिलने की सूचना बजरंग दल व बिठूर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बिठूर थाना प्रभारी ट्रेनी आईपीएस शिवा सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। वहीं, प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश त्रिपाठी, एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला, के साथ डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंचे बजरंग दल के जिला संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि गौशाला के अंदर गोवंशों के संरक्षण के बजाए उन्हें कटाने का काम करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने बताया कि बिठूर इलाके में स्थित एक गौशाला में गोवंश के मांस के अवशेष कमरे के अंदर बोरी में मिले है। इसके साथ ही सिर भी मिले हैं। डॉक्टरों की टीम ने पहुंच कर मांस का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया और गौवंशों के अवशेषों को गड्ढा खुदवाकर दफना दिया गया है। गौशाला का केयरटेकर के शादी के लिए छुट्टी पर जाने की बात पता चली है। जिसकी जांच कराई जा रही है। वहीं, प्रकरण में बाइक छोड़कर भागे दो लोगों की पहचान कर ली गई है। जिनकी गिर गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई भी की जा रही है।
महमूद/मोहित
