– हाईकमान के निर्देश पर बूथ स्तर पर संगठन सक्रिय
कानपुर(हि.स.)। ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ के नारे के साथ जहां कांग्रेस जनता के बीच पैठ बनाने में जुटी है तो वहीं कानपुर की छह सीटों पर पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ने की ठान ली है। हाईकमान के निर्देश पर कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय किये जा रहे हैं। इन छह सीटों में एक सीट पर कांग्रेस पिछले चुनाव में जीत दर्ज की थी और तीन सीटों पर दूसरे नंबर पर रही। दो सीट पर गठबंधन के तहत सपा के खाते में गई थी, जहां पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है।
पिछले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस का तत्कालीन सत्ताधारी पार्टी सपा के साथ गठबंधन था। लेकिन अबकी बार कांग्रेस फिलहाल अकेले चुनाव मैदान में उतरने का मन बना चुकी है। पिछले वर्षों खासकर कोरोना काल से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में सक्रिय हैं और बराबर सत्ताधारी पार्टी भाजपा को वह निशाने पर रखती हैं। हाल ही में उन्होंने ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा देकर जनता के बीच अपनी पैठ में जुट गई हैं। ऐसे में कानपुर की सभी 10 सीटों पर कांग्रेस अबकी बार चुनाव मैदान में उतरेगी। लेकिन पार्टी हाईकमान ने उन छह सीटों पर अधिक फोकस किया है जहां पर जीत की राह आसान हो सकती है। इसके तहत पार्टी पदाधिकारियों को टास्क दिया गया है कि छह सीटों पर संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत किया जाये। इसी के तहत छह सीटों पर पार्टी मजबूती से लड़ने का मन बना चुकी हैं।
यह हैं छह चिन्हित सीटें
इन छह सीटों में एक सीट (कैंट) पर कांग्रेस का कब्जा है। तीन सीटों (किदवई नगर, गोविन्द नगर और घाटमपुर) पर कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही। दो सीटों (सीसामऊ और आर्य नगर) पर मुस्लिम मतदाता उम्मीदवार के हार जीत का फैसला करता है। पार्टी का मानना है कि इन सीटों कुछ मेहनत कर ली जाए तो परिणाम बदल सकते हैं। बूथ इकाइयों को तैयार कर संगठन को सक्रिय कर दिया गया है। पार्टी घर-घर तक पहुंचने की अपनी पुरानी रणनीति पर चलकर आम मतदाता तक पहुंचने में जुट गई है।
उप चुनाव में भी दोनों सीटों पर दूसरे नंबर में रही कांग्रेस
2019 में हुए गोविंद नगर उपचुनाव में भाजपा के सुरेंद्र मैथानी ने जीत हासिल की थी। दूसरे नंबर पर कांग्रेस की करिश्मा ठाकुर रहीं। इसी तरह घाटमपुर उप चुनाव में भाजपा के उपेन्द्र पासवान ने जीत हासिल की थी। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के डा. कृपाशंकर संखवार रहे। इन दोनों सीटों पर भाजपा ने अपनी जीत बरकरार रखी थी।
सात सीटों पर है भाजपा का कब्जा
कानपुर नगर की 10 विधान सभा सीटों में सात पर सत्ताधारी पार्टी भाजपा का कब्जा है। दो सीटों (सीसामऊ, आर्य नगर) पर सपा और एक सीट पर कांग्रेस काबिज है। कांग्रेस पार्टी अपनी सीट तो बरकरार रखना ही चाहती है साथ ही उन तीनों सीटों (किदवई नगर, गोविन्द नगर और घाटमपुर) पर मजबूती से लड़ना चाहती है जहां पर दूसरे स्थान पर रही। इसके साथ ही मुस्लिम बाहुल्य सीसामऊ और आर्य नगर सीट भी अपने को पार्टी मुफीद मान रही है।
जिलाध्यक्ष का कहना
उत्तर जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने कहा कि अबकी बार कांग्रेस सभी सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। कुछ ऐसी सीटें हैं जहां पर कांग्रेस मजबूत स्तर पर है और पार्टी हाईकमान ने निर्देश दिया है कि उन सीटों पर अधिक फोकस किया जाए।
अजय
