Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर: कन्नौज जा रहे सपा विधायक सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने...

कानपुर: कन्नौज जा रहे सपा विधायक सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में

कानपुर (हि.स.)। कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलित किसानों के समर्थन में जनपद कानपुर से कन्नौज में किसान यात्रा में शामिल होने जा रहे सपा विधायक सहित कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। 

जनपद की सभी सीमाओं पर पुलिस बल बैरिकेडिंग लगाकर सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं को कन्नौज जाने से रोका जा रहा है। पुलिस मुस्तैदी से जगह-जगह सपा कार्यकर्ताओं पर निगरानी बनाए हुए हैं। 
किसानों के आंदोलन को लेकर देश व्यापी बंदी से पूर्व सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज जाकर किसानों के समर्थन किसान यात्रा का करने का आह्वान किया था। इसको लेकर शहर के आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ता कन्नौज जाने लिए निकले। यहां से यह सभी गंगा बैराज पर स्थित चौधरी चरण सिंह प्रतिमा के पास इकठ्ठा होने वाले थे। इस जानकारी के आधार पर विधायक सहित सपाईयों के घरों पर पुलिस ने निगरानी करते हुए नजरबंद कर दिया था। 
पुलिस ने निगरानी के बावजूद सपा विधायक अमिताभ बाजपेई घर से निकल गए और कार्यकर्ताओं के साथ गंगा बैराज जाने लगे। जिन्हें पुलिस ने ग्रीनपार्क चौराहे के पास वीआईपी रोड पर रोक लिया। यहां पर विधायक व कार्यकर्ताओं से तीखी नोकझोंक शुरु हो गई। उन्होंने कन्नौज जाने के लिए पुलिस व प्रशासन पर दमनकारी नीति अपनाये जाने की बात कहते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। यहां पर पुलिस ने झड़प के बाद सपा विधायक सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले जाया गया। 
बताते चलें कि, जनपद में पुलिस सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर सुबह से ही नजर बनाए हुए थी। इस दौरान समाजवादी युवजन सभा के सर्वेश यादव को भी घर पर नजरबंद कर दिया गया था। पुलिस कन्नौज की ओर जाने वाली सभी सड़कों पर पीएसी के साथ बैरिकेडिंग लगाकर मुस्तैदी से नजर बनाए हुए है।

RELATED ARTICLES

Most Popular