Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : ओमिक्रॉन वेरिएंट को लेकर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के साथ...

कानपुर : ओमिक्रॉन वेरिएंट को लेकर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के साथ बस अड्डे की बढ़ी सतर्कता

यात्रियों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की लगाई गई टीमें

कानपुर (हि.स.)। कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के खतरों को देखते हुए कानपुर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने चकेरी एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर यात्रियों की जांच के लिए निगरानी टीमों की तैनाती कर दी है। इसके साथ ही पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद में कोविड टीकाकरण की गति को तेज करने के भी निर्देश दिये गये हैं।

कोरोना वायरस का नया ओमिक्रॉन वेरिएंट विदेशों से होकर भारत आने की संभावना बढ़ रही है। ऐसे में औद्योगिक नगरी कानपुर भी देश के विभिन्न शहरों से एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और अन्तरराज्यीय बस अड्डे से जुड़ा है, जिससे नया वेरिएंट दूसरे शहरों से कानपुर आ सकता है। इस संभावना को देखते हुए कानपुर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। प्रशासन ने शहर के चकेरी एयरपोर्ट, सेंट्रल स्टेशन और झकरकटी अन्तरराज्यीय बस अड्डे पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों की तैनाती कर दी है जो यात्रियों की जांच करेगी।

एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक यहां पर दिल्ली, हैदराबाद, बैंगलोर, मुम्बई के बीच सीधी उड़ानें चलाई जाती हैं। एयरपोर्ट पर आने वाली उड़ानों से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री आते हैं। इसको देखते हुए सभी यात्रियों की जांच व निगरानी बढ़ा दी गई है। यात्रियों की आरटीपीसीआर जांच (टेस्ट) अनिवार्य रूप से शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट पर थर्मल स्क्रीनिंग के लिए चार काउंटर हैं। इस पर दो शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सेंट्रल रेलवे स्टेशन के डिप्टी सीटीएम हिमांशु शेखर ने बताया कि रेलवे और जिला स्वास्थ्य विभाग की टीमें बराबर यात्रियों की निगरानी कर रही हैं। कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है और जांच की गति भी तेज कर दी गई है।

झकरकटी अन्तरराज्यीय बस अड्डे के एआरएम राजेश सिंह ने बताया कि विशेषज्ञों के अनुसार, कोरोना का नया वेरिएंट 60 साल से अधिक आयु वर्ग के लोगों को ज्यादा प्रभावित करता है। इसलिए ऐसे आयु वर्ग के यात्रियों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी यात्रियों की बराबर जांच और निगरानी कर रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular