-पुलिस के साथ आरटीओ अफसरों की कार्यवाही के चलते मची रही अफरा-तफरी
कानपुर (हि.स.)। जनपद की काकादेव थाना पुलिस व आरटीओ के संयुक्त टीम ने शुक्रवार को दलालों के खिलाफ धरपकड़ अभियान चलाया। सख्त चेकिंग अभियान देख आरटीओ कार्यालय व आसपास से भाग खड़े हुए और कार्यवाही के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
आरटीओ कार्यालय में दलालों की मिल रही शिकायतों को लेकर आज आरटीओ संजय सिंह की अगुवाई में काकादेव पुलिस के साथ धरपकड़ अभियान चलाया गया। काकादेव इंस्पेक्टर कुंज बिहारी मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ कार्यालय परिसर में आने-जाने वाले से पूछताछ की और दलालों से कार्य न कराए जाने की हिदायत दी। पुलिस व आरटीओ अफसरों की कार्यवाही देख वहां हड़कम्प मच गया और सभी भाग खड़े हुए। यहां पर अनाधिकृत रूप से आरटीओ में इधर-उधर घूम रहे लोगों से भी पूछताछ कर उन्हें छोड़ दिया गया।
इस दौरान एआरटीओ प्रशासन सुधीर वर्मा व आरआई अजीत कुमार ने आये हुए सभी आवेदकों से कहा कि वे अपना काम स्वयं कराये, किसी भी दलाल के चक्कर में न पड़े। अफसरों ने कहा कि, दलालों को पकड़ने के लिए अभियान आगे भी चलता रहेगा।
इंस्पेक्टर कुंज बिहारी मिश्रा ने बताया कि दलालों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया था। इस दौरान कुछ संदिग्धों को पकड़ा गया था, लेकिन वह आरटीओ में कार्यरत कर्मी निकले, जिन्हें छोड़ दिया गया।
