बिल्हौर में भाजपा आगे, गठबंधन उम्मीदवार की घाटमपुर सीट पर पकड़ मजबूत
मंत्री नीलिमा कटियार और सपा उम्मीदवार सतीश निगम में कांटे की टक्कर
कानपुर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव 2022 के चुनाव की मतगणना मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से शुरू हुई। गल्ला मंडी में बने मतगणना स्थल पर 10 सीटों पर उतरे विभिन्न दलों के उम्मीदवारों की मतगणना टेबल पर गिनती बैलेट पेपर से किया गया। 30 मिनट के बाद ईवीएम मशीनों से मतों की गिनती जारी की गई।
बैलेट पेपर की गिनती से ही आधे से अधिक सीटों पर बनी बढ़त को भारतीय जनता पार्टी के आठ उम्मीदवारों ने ईवीएम मशीनों की मतगणना को बरकार रखा और आगे बने रहे हैं। इनमें महाराजपुर सीट से मंत्री सतीश महाना, गोविन्द नगर से सुरेन्द्र मैथानी, बिठूर से अभिजीत सिंह सांगा, बिल्हौर से राहुल बच्चा सोनकर, कल्याणपुर की सीट पर मंत्री नीलिमा कटियार, आर्य नगर में सुरेश अवस्थी, किदवई नगर में महेश त्रिवेदी, गठबंधन की सीट घाटमपुर में अपना दल की सरोज कुरील 12 राउंड की गिनती में आगे बने हुए हैं। जबकि सपा उम्मीदवार इरफान सोलंकी सीसामऊ सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सलिल विश्नोई पर लम्बी बढ़त के साथ जीत की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं कैंट में सपा के हसन रूमी ने भी भाजपा के रघुनंदन सिंह भदौरिया पर बढ़त बना रखी हैं।
हालांकि सबसे ज्यादा चौकाने वाली बढ़त आर्यनगर विधानसभा सीट पर देखी जा रही है, जहां सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के काम को नकार दिया और सीट बदलकर आर्यनगर से चुनाव में उतारे गए सुरेश अवस्थी ने शुरूआत से ही हर राउंड में मिलती बढ़त के साथ जीत की ओर कदम बढ़ाते गए।
जबकि कल्याणपुर में सपा के सतीश निगम व भाजपा की मंत्री नीलिमा कटियार के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। वहीं जनपद की सबसे रोचक सीट किदवई नगर में देखने को मिल रही है। यहां से भाजपा के महेश त्रिवेदी और कांग्रेस के अजय कपूर के बीच देखी जा रही है। इस सीट पर कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस उम्मीदवार आगे-पीछे होते देखे जा रहे हैं।
कुल मिलाकर जनपद की 10 सीटों पर विधानसभा चुनाव 2022 में बनने वाली उत्तर प्रदेश की बनने वाली सरकार के लिए भारतीय जनता पार्टी के आठ उम्मीदवार जीत की ओर बढ़ रहे हैं और अभी करीब 10 राउंड की मतगणना होना बाकी है। इनमें सबसे कम राउंड की गिनती सीसामऊ और सबसे ज्यादा बिठूर सीट पर मतों की गणना के लिए राउंड होने हैं। हालांकि अभी चुनाव नतीजे में उलटफेर भी देखने को मिल सकते हैं।
मोहित
