– भीषण आग और हजारों टैंकर पानी से टावरों में पड़ गई हैं दरारे
कानपुर(हि.स.)। हमराज कॉम्प्लेक्स सहित छह टावरों में लगी भीषण आग को काबू करने में दमकल, प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ सेना जुटी हुई है। तीन दिन से दहक रही आग को बुझाने के लिए हजारों टैंकर पानी टावरों पर डाला गया है। भीषण आग और पानी से टावरों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं और लेंटर भी झुक गये हैं। ऐसे में इन टावरों का आगे भविष्य क्या होगा इसको लेकर कानपुर आईआईटी के सिविल विभाग के विशेषज्ञ जांच रिपोर्ट तय करेंगे।
अनवरगंज थाना क्षेत्र के बासमंडी के पास स्थित हमराज कॉम्प्लेक्स में गुरुवार की देर रात करीब 12 बजे आग लग गई थी। आग धीरे-धीरे विकराल रुप धारण किया और एआर टावर, मसूद कॉम्प्लेक्स और नफीस टावर सहित छह टावरों को चपेट में ले लिया। भीषण आग पर काबू करने के लिए दमकल, प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीएआरएफ और सेना की टीमें कार्यरत हैं। तीन दिन से लगातार आग बुझने का नाम नहीं ले रही है और टावरों में बनी दुकानों में रेडीमेड गारमेंट्स बराबर जल रहे हैं। इससे सभी छह टावरों में भीषण तपन है और अंदर जाने की कोई हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।
पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने रविवार को बताया कि तीन दिन से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। भीषण आग से टावरों की दीवारों में दरार आ गई है और लेंटर भी फूल गये हैं। ऐसे में इन टावरों अभी कितनी क्षमता बची है इसके लिए आईआईटी के सिविल विभाग के विशेषज्ञ जांच करेंगे।
आईआईटी के निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने बताया कि सिविल विभाग की टीम मौके पर पहुंची है लेकिन टावरों की दीवारें अभी बहुत गर्म हैं, इससे टीम अंदर नहीं गई। आग जब पूर्णतया बंद हो जाएगी और टावर ठंडे हो जाएंगे, तब टीम तकनीकी जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी कि इन टावरों पर कितनी क्षमता बची हुई है। इसके बाद ही प्रशासन इन टावरों के भविष्य पर फैसला लेगा।
अजय सिंह
