कानपुर (हि.स.)। कोरोना महामारी में यात्रियों के स्वास्थ्य को देखते हुए कानपुर सेंट्रल स्थित एक नम्बर प्लेटफार्म पर बुधवार को स्टेशन अधीक्षक ने आईआरसीटीसी के बने फूड प्लाजा का फीता काटकर उद्घाटन किया। फूड प्लाजा में आने वाले यात्रियों की सभी सुविधाओं का ध्यान रखते हुए प्रवेश द्वार पर सेनिटाइजर आदि की भी सुविधा दी गई है।
फूड प्लाजा के मालिक राम सेवक बाजपेई ने बताया कि हमारे आईआरसीटीसी के फूड प्लाजा में कोरोना महामारी के इस दौर में सभी बातों का विशेष ध्यान रखते हुए यात्रियों के लिए खानपान की व्यवस्था की गई है। जिसमें कि हर वर्ग के यात्रियों के खाने की व्यवस्था की गई है। हमारे पास शाकाहारी से लेकर मांसाहारी भोजन तक कि व्यवस्था की गई है। यहां पर आने वाले यात्रियों के लिए बैठने की भी उचित व्यवस्था की गई है। जिससे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा सके। उन्होंने बताया कि हमारे पास दस रुपये से लेकर अस्सी रुपये तक खाने का सामान उपलब्ध है। जिसका स्वाद यात्रियों को घर के बने जैसे भोजन की तरह स्वाद दिलाएगा।
स्टेशन अधीक्षक आरपीएन त्रिवेदी ने बताया कि फूड प्लाजा बनने से यात्रियों को खाने पीने की समस्या दूर होगी और उनको एक ही छत के नीचे कई प्रकार के लजीज व्यंजन खाने को भी मिलेगा। ये एक अच्छी पहल है, जो कानपुर सेंट्रल में एक नए जोश के साथ उभर कर के आएगी।
