– आचार संहिता और कोविड नियमों का कर रहे थे उल्लंघन
कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हो रहे विधान सभा चुनाव में अबकी बार कुछ नियम व शर्तें हैं। लेकिन पार्टी उम्मीदवारों द्वारा बराबर इनकी अनदेखी की जा रही है। इसी कड़ी में घाटमपुर से सपा उम्मीदवार भगवती सागर और अपना दल एस उम्मीदवार सरोज कुरील ने भी नियमों को दरकिनार कर दिया। यह लोग काफिला के साथ यानी 70 से 80 लोगों के साथ प्रचार कर रहे थे। आचार संहिता और कोविड नियमों के उल्लंघन पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कोविड नियमों और आचार संहिता के उल्लंघन पर कानपुर में पहला मामला बिल्हौर से भाजपा प्रत्याशी राहुल बच्चा का सामने आया। पुलिस ने राहुल बच्चा समेत कई दर्जन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद घाटमपुर विधान सभा के दो उम्मीदवारों पर मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया। प्रशिक्षु दारोगा रवि कुमार ने सपा प्रत्याशी भगवती सागर के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखाया कि नंदना में दारोगा अंकुर सिंह के साथ ड्यूटी पर थे।
इस दौरान रतनपुर गांव पहुंचने पर सपा प्रत्याशी भगवती सागर आठ से दस गाड़ियों के काफिले के साथ मिले। प्रत्याशी 60 से 70 समर्थकों को इकठ्ठा करके प्रचार कर रहे थे। इसी तरह दारोगा सुनीता यादव ने अपना दल एस उम्मीदवार सरोज कुरील के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखाया कि इटर्रा गांव में सरोज कुरील नौ से दस गाड़ियों के काफिले के साथ 70 से 80 समर्थकों को लेकर चुनाव प्रचार कर रहीं थीं। दोनों उम्मीदवारों व तमाम अज्ञात के खिलाफ कोविड नियमों और आचार संहिता के उल्लंघन पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
घाटमपुर थाना प्रभारी राम बहादुर पाल ने बताया कि कई दिनों से ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे। जिसका संज्ञान एसडीएम आयुष चौधरी ने लिया था और कार्रवाई के निर्देश दिये थे। इसको देखते हुए दो उम्मीदवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अजय/मोहित
