कानपुर(हि.स.)। प्रसिद्ध आनंदेश्वर महाराज (परमट) मंदिर परिसर में बृहस्पतिवार सुबह एक बेकाबू कार घुस गई। इस दौरान कई श्रद्धालु घायल हो गए, लेकिन हादसे के समय वहां तैनात पुलिस कर्मी गायब थे। कार चालक की मंदिर में मौजूद लोगों ने पिटाई की। इस दौरान मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ था। हालांकि बाद में पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
नगर के प्रसिद्ध आनंदेश्वर महाराज (परमट) परिसर में सुरक्षा के लिए प्रतिदिन पुलिस कर्मी लगे रहते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ लगभग हर समय लगी रहती है। ग्वालटोली कोतवाली क्षेत्र की पुलिस इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी रहती है। आज सुबह बेकाबू कार अचानक मंदिर परिसर में स्थित त्रिशूल के स्थान तक लेकर चालक चला गया। इस दौरान मंदिर में दर्शन के लिए आए कई श्रद्धालु चोटहिल हो गए। हालांकि परिसर में मौजूद भीड़ ने कार चालक की इस हरकत से आक्रोशित होकर जमकर पिटाई की। सबसे अहम सवाल यह है कि सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी हादसे के समय कहां गायब हो गए थे। हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। मंदिर की सुरक्षा को लेकर पुलिस की बड़ी चूक सामने आई है।
राम बहादुर
