– गोताखोरों ने पिता को बचाया, पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी
कानपुर (हि.स.)। बिठूर थाना क्षेत्र में स्थित गंगापुल से गुरूवार सुबह एक पिता ने घरेलू कलह से क्षुब्ध होकर दो मासूम बच्चों को लेकर गंगा में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने किसी तरह युवक को बचा लिया लेकिन दोनों बच्चे नदी में लापता हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर एवं जल पुलिस के साथ उनकी तलाश शुरू कर दी है।
उन्नाव जनपद के सफीपुर गांव निवासी दयाशंकर लोधी घरेलू कलह से क्षुब्ध होकर गुरूवार सुबह घर से अपने दो बेटों शिवांश एक वर्ष और शिवा दो वर्ष को लेकर निकला। वह नशे की हालत में बिठूर थाना क्षेत्र स्थित गंगापुल पर जा पहुंचा। आस पास के लोग कुछ समझ पाते इससे पहले वह दोनों बच्चों को लेकर गंगा में छलांग लगा दी। यह देखते ही राहगीरों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर गंगा किनारे मौजूद नाविकों एवं मल्लाह उसे बचाने के लिए आगे बढ़े और किसी तरह युवक को गंगा नदी में लहरों में डूबने से बचा लिया, लेकिन तेज बहाव की वजह से उसके दोनों बेटे गंगा के गहरे पानी में समा गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बिठूर थाना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने नशेड़ी पिता को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा और उसके परिवार के सदस्यों को घटना की खबर दी। गंगा में डूबे मासूम बच्चों की खोजने के लिए जल पुलिस एवं गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया। जल पुलिस व गोताखोर गंगा में डूबे दोनों बच्चों की तलाश कर रहे हैं। उधर, खबर मिलते ही उसके परिजन भी बदहवाश हालत में मौके पर पहुंचे।
राम बहादुर
