Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकांवड़ यात्रा को लेकर रूट डायवर्जन, शहर में भारी वाहनों का...

कांवड़ यात्रा को लेकर रूट डायवर्जन, शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित

– 30 अगस्त तक प्रभावी रहेगा रूट डायवर्जन, इमरजेंसी वाहनों को रखा मुक्त

मीरजापुर(हि.स.)। श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने व यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्रा ने बताया कि शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। आवश्यकतानुसार इमरजेंसी वाहन (एंबुलेंस, स्कूली वाहन, डेयरी वाहन, पेट्रोलियम, फायर सर्विस, पुलिस, कच्चा सामान लदे वाहन जैसे-फल सब्जी आदि) को अनुमति दी जाएगी। यह डायवर्जन 30 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। डायवर्जन से इमरजेंसी वाहनों को मुक्त रखा गया है।

राबर्ट्सगंज तिराहे से मड़िहान तक कांवड़ यात्रियों की भारी संख्या के दृष्टिगत आवश्यकतानुसार हल्के चार पहिया व तीन पहिया वाहनों को राबर्ट्सगंज तिराहा से भरुहना होते हुए डायवर्ट किया जाएगा। संख्या अधिक होने पर मड़िहान व राबर्ट्सगंज तिराहे के बीच में दो पहिया वाहन छोड़कर अन्य सभी वाहनों का आवागमन बाधित कर दिया जाएगा। सोनभद्र से मड़िहान के रास्ते प्रयागराज की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को राजगढ़ तिराहा वाया सक्तेशगढ़ मार्ग रीवां हाईवे चुनार की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा, जिससे वाहन बेलन बरौधां होते हुए प्रयागराज की तरफ जा सकें।

शहर में भारी वाहनों का आवागमन रोकने के लिए गैपुरा थाना विंध्याचल, समोगरा बाईपास, करनपुर थाना कोतवाली देहात, यादव चैराहा बरकछा थाना कोतवाली देहात, अघवार थाना पड़री, भटौली कछवां, पिकेट चील्ह से भारी वाहनों का शहर मीरजापुर की तरफ प्रवेश बाधित रहेगा।

पुल थाना प्रयागराज की तरफ जाने वाले भारी वाहनों (बड़े ट्रेलर आदि को छोड़कर), बेलन बरौंधा होते हुए प्रयागराज की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। बड़े ट्रेलर आदि को टेंगरा मोड़ होते हुए वाया वाराणसी प्रयागराज की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वाराणसी तथा भदोही की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को चुनार, नरायनपुर वाया टेंगरा मोड़ होते हुए वाराणसी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

शास्त्री ब्रिज से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक पूर्व की भांति लागू रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर तीन दिन (शनिवार, रविवार, सोमवार के लिए) डीसीएम माडल छह पहिया वाहन आवागमन भी शास्त्री ब्रिज से रोक दिया जाएगा। वर्तमान में खाली भारी वाहनों का आवागमन कछवां से मीरजापुर वाया भटौली पुल हो रहा है, लेकिन कावंड़ यात्रा के दृष्टिगत आवश्यकतानुसार तीन दिन (शनिवार, रविवार, सोमवार के लिए) आवागमन प्रतिबंधित किया जाएगा। इस मार्ग से आने वाले भारी वाहनों को भैंसा क्रासिंग के पास से डायवर्ट किया जाएगा।

चेतगंज व औराई के रास्ते मीरजापुर की तरफ आने वाले भारी वाहनों को गोपीगंज व औराई से मीरजापुर की तरफ प्रवेश नहीं दिया जाएगा। भारी वाहनों को उक्त प्वाइंट से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा। प्रयागराज की तरफ से मीरजापुर की ओर आने वाले भारी वाहनों को जनपद के बार्डर से ही डायवर्ट करने की व्यवस्था है। किसी भी अन्य मार्ग से गैपुरा तक पहुंचने वाले भारी वाहनों को विजयपुर होते हुए लालगंज की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।

चुनार मार्ग से शहर मीरजापुर की तरफ आने वाले भारी वाहनों को अघवार थाना पड़री से तीन दिन के लिए (शनिवार, रविवार, सोमवार) समोगरा बाईपास करनपुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। रीवां हाईवे से बरकछा के रास्ते मीरजापुर आने वाले भारी वाहनों को उक्त की भांति समोगरा बाईपास करनपुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

कमलेश्वर शरण/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular