मेरठ (हि.स.)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58 पर जटौली गांव के पास शनिवार को कांवड़ियों ने मुस्लिम युवकों पर कांवड़ पर थूकने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। एक आरोपित को पकड़ कर जमकर पिटाई की। कांवड़ियों ने पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की। डीएम, एसएसपी समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गुस्साए कांवड़ियों ने बाद में एसपी सिटी की गाड़ी में भी तोडफोड़ कर दी।
हरिद्वार से विशाल कांवड़ लेकर राजस्थान के कांवड़िये शनिवार को कंकरखेड़ा क्षेत्र में एनएच-58 से गुजर रहे थे। हाईवे पुलिस चौकी के पास दो मुस्लिम युवकों ने कांवड़ के ऊपर थूक दिया। यह देखकर कांवड़ियों ने एक आरोपित को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। दूसरा आरोपित भाग गया। गुस्साए कांवड़ियों ने हंगामा करते हुए हाईवे जाम कर दिया और हाईवे पुलिस चौकी में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर डीएम दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह कांबोज, एसपी सिटी विनीत भटनागर, एसपी यातायात जेके श्रीवास्तव समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने कांवड़ियों को समझाना शुरू कर दिया, लेकिन कांवड़िये कोई बात सुनने को तैयार नहीं हुए।
राजस्थान के भरतपुर जिले के सीकरी गांव निवासी दिषांत, लोकेश, कपिल, धीरज, जतिन, हनी मुखीजा आदि कांवड़ियों ने बताया कि वे दो महीने से हरिद्वार से विशाल कावड़ लाने की तैयारी कर रहे थे। 21 जुलाई को राजस्थान को 40 कांवड़ियों का जत्था भव्य कांवड़ लेकर हरिद्वार से चला था। मेरठ में पहुंचते ही दो युवक डिवाइडर से कूदकर आए और उनकी कांवड़ पर तीन जगह थूक दिया। कांवड़ियों ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा है। पुलिस ने गुस्साए कांवड़ियों के कब्जे से आरोपित युवक को छुड़ाया और अपने साथ ले गई। भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कांवड़ियों को समझा कर शांत किया। पुलिस ने लिखित में शाम तक फरार आरोपित युवक को पकड़ने का आश्वासन दिया।
डीएम और एसएसपी से बातचीत के बीच तय हुआ कि चार कांवड़ियों को लेकर पुलिस हरिद्वार जाएगी। वहां से पवित्र गंगाजल लेकर वापस कंकरखेड़ा आएंगे। उस गंगाजल को विशाल कावड़ में रखकर कांवड़िये राजस्थान के लिए प्रस्थान करेंगे। इस पर कांवड़िये सहमत हो गए। एसएसपी ने कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना को दो पुलिसकर्मियों को गाड़ी से कांवड़ियों को हरिद्वार भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद कांवड़ियों ने जाम खोल दिया और गंगाजल लेने हरिद्वार रवाना हो गए। हंगामे के बीच ही एडीजी मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल और आईजी मेरठ रेंज प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इससे पहले कांवड़ियों के हंगामे को देखते हुए पुलिस ने वन-वे हाईवे से गुजर रहे वाहनों को कई किलोमीटर पहले ही रोक दिया।
थोड़ी देर शांत रहने के बाद कांवड़ियों ने फिर हंगामा कर दिया। उन्होंने हाईवे पुलिस चौकी इंचार्ज के मुस्लिम होने का मुद्दा उठाकर हंगामा कर दिया। एसपी सिटी और सीओ दौराला की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ कर दी। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई। गाड़ी के शीशे टूटकर एसपी सिटी को भी लग गए। पुलिस अधिकारी और स्थानीय लोग कांवड़ियों को समझाने के प्रयास में जुटे हैं।
कुलदीप
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
