Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकांवड़ियों को लगी कार की टक्कर, कार में की जमकर तोड़फोड़

कांवड़ियों को लगी कार की टक्कर, कार में की जमकर तोड़फोड़

मेरठ (हि.स.)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-58 पर मंगलवार को दो कांवड़ियों को कार की टक्कर लग गई। इससे कांवड़ियों की कांवड़ टूट गई। गुस्साए कांवड़ियों ने हंगामा करते हुए कार में जमकर तोड़फोड़ की। बाद में पुलिस ने किसी तरह से मामले को संभाला।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-58 पर कांवड़ियों का सैलाब उमड़ रहा है। मंगलवार को दिल्ली निवासी मान सिंह अपने दोस्त के साथ हरिद्वार से पैदल कांवड़ लेकर आ रहे थे। मान सिंह कंकरखेड़ा में कैलाशी अस्पताल के लगे कांवड़ शिविर में आराम करने के लिए रुक गए। उसी समय एक कार चालक गलत दिशा से कांवड़ियों के रास्ते पर आ गया और उसने मान सिंह और उसके साथी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की कांवड़ टूट गई।

टक्कर लगने के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया और गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद कांवड़ियों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे दूर-दूर तक वाहनों की कतार लग गई। सीओ दौराला अभिषेक पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने किसी तरह से दोनों कांवड़ियों को समझा कर शांत किया। दोनों कांवड़ियों को गंगाजल देकर दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

कुलदीप/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular