Friday, March 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेश कांग्रेस समस्याओं का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने का अभियान शुरू...

 कांग्रेस समस्याओं का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने का अभियान शुरू करेंगी

-अगस्त क्रांति दिवस से ट्रिपल इंजन की सरकार का पोल खोलेंगे पदाधिकारी

वाराणसी(हि.स.)। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर बुधवार से महानगर कांग्रेस कमेटी वार्डों की समस्याओं को लेकर हाईटेक अभियान शुरू करेंगी। अभियान में वार्डों की समस्याओं का वीडियो कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर अपलोड करेंगे। मंगलवार को पार्टी के महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने बताया कि वार्ड अध्यक्ष,वार्ड प्रभारी व पार्षद का चुनाव लड़े प्रत्याशियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने वार्डों के कार्यकर्ताओं,पदाधिकारियों को लेकर अपने -अपने वार्डों के अंतर्गत जन समस्याओं के स्थल पर ही एकत्रित हो कर उसे दुरुस्त करने की मांग करें । पिछले 9 वर्षों में वार्ड में निरंतर बनी समस्याओं को उजागर करते हुए इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करें।

चौबे ने बताया कि अभियान में पार्षद दल के नेता गुलशन अंसारी को इस कार्यक्रम का संयोजक बनाया गया है। उत्तरी विधानसभा के वार्डो के लिये फ़साहत हुसैन बाबू,दक्षिणी विधानसभा के लिए डॉ. राजेश गुप्ता , कैन्ट विधानसभा के लिये वकील अंसारी व उमेश दृवेदी को जिम्मेदारी सौंपी गयीं। महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने बताया कि पिछले 9 वर्षों से ही नहीं, 1996 से नगर निगम वाराणसी पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी के सांसद हैं, जब भी वे काशी दौरे पर आते हैं तो अरबों की सौगात देते हैं । पर वार्डों की दशा जस की तस बनी हुई हैं, गलियां बजबजा रही हैं, पीने के पानी में सीवर का पानी मिल कर घरों में जा रहा है। ऐसे में अगस्त क्रांति के अवसर पर कांग्रेस जन वार्डों की समस्याओं को उजागर करते हुए ट्रिपल इंजन की सरकार की पोल खोलेंगे।

श्रीधर/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular