मीरजापुर (हि.स.)। राजस्थान संकट के बीच कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी को अब भी कुछ अच्छा होने की उम्मीद है। माता का दर्शन करने के उपरांत उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान ही राजस्थान संकट का हल निकल आएगा। राज्यसभा सांसद व कांग्रेस नेता ने कहा कि तीस वर्षों से लगातार मां विंध्यवासिनी के चरणों में शीश झुकाता आ रहा हूं। हर बार लगभग इसी समय दर्शन का सौभाग्य मां की कृपा से प्राप्त होता है।
प्रमोद तिवारी ने नवरात्र के प्रथम दिन सोमवार को विंध्यवासिनी के चरणों में मत्था टेका।दर्शन-पूजन के बाद विंध्यधाम में मौजूद पत्रकारों के राजस्थान के वर्तमान मुद्दे पर सवालों का जबाब देते हुए उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान ही इसका हल निकल जाएगा। कांग्रेस में अभी लोकतंत्र बचा हुआ है, सभी को अपनी बात रखने की पूरी आजादी है। यह भाजपा नहीं है कि जबरन लाद दिया जाए। पार्टी में विचार-विमर्श चल रहा है। सभी की बातों को सुनकर शीर्ष नेतृत्व निर्णय लेगा और सुखद समाचार शीघ्र मिलेगा। दर्शन-पूजन का कार्य राज मिश्र ने सम्पन्न कराया। इस दौरान पूर्व विधायक भगवती चौधरी नगर अध्यक्ष राजन पाठक सहित दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गिरजा शंकर
