लखनऊ (हि.स.)। गणतंत्र दिवस की 72वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके सुखमय जीवन, उन्नति एवं समृद्धि की कामना की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने शुभकामना संदेश में कहा है कि हमारे देश को आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात अमर शहीदों के त्याग और उनकी कुर्बानियों के बाद मिली। जिसके फलस्वरूप सम्प्रभुता सम्पन्न समाजवादी, पंथ निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य की स्थापना हुई और हमारे देश के सभी लोगों को मौलिक अधिकार मिले।
जिसके उपरान्त भारतीय संविधान के द्वारा सभी नागरिकों को न्याय, सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता का अधिकार मिला। इस अवसर हम सभी को संविधान को मजबूत बनाने, संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत बनाने एवं देश की एकता-अखण्डता को अक्षुण्ण बनाये रखने का संकल्प लेना चाहिए। गणतंत्र दिवस के दिन यानि की मंगलवार की सुबह 9.30 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन पर ध्वजारोहण किया जायेगा।
