फर्रुखाबाद(हि.स.)। जिले में जन सेवा से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया है। जिसमे कैंसर हॉस्पिटल भी शामिल है।
फर्रुखाबाद सदर सीट से चुनाव लड़ने जा रही पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद के राजनीतिक प्रतिनिधि डॉक्टर मिर्जा फरीद बेग चुगतई ने सोशल मीडिया पर पत्रक डाल कर बताया कि लुईस खुर्शीद के चुनाव जीतने पर जिले में कैंसर अस्पताल खोला जाएगा। अति रियायती दरों पर डायलिसिस सेंटर खोले जाएंगे। जिले में ऑक्सीजन प्लांट तथा अन्य जीवन रक्षक योजनाओं का लाभ जनता को दिया जाएगा।
गंगा एक्सप्रेस फर्रुखाबाद से निकालने के लिए संघर्ष किया जाएगा। जरदोजी के लिए रियायती दरों पर बिजली दी जाएगी। टेक्सटाइल पार्क की स्थापना कराई जाएगी।सिबेजसिस्टम की व्यवस्था, जिले की बिजली ग्रिड की पूर्ण मरम्मत कराई जाएगी। फर्रुखाबाद को हाइवे से जोड़ने वाले सभी लिंक सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। विधवाओं, वृद्धों को पेंशन दिलाई जाएगी। शिक्षा मित्रों के स्थायी करने की व्यवस्था की जाएगी।फतेहगढ़ से वैष्णो देवी व अजमेर शरीफ के लिये ट्रेन चलाने का प्रयास किया जाएगा। दलित गरीब, विधवा महिलाओं के लिए शिलाई केंद्र खोले जाएंगे। हर मोहल्ले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुलवाले का प्रयास किया जाएगा।इसके साथ ही साथ लड़की हूं लड़ सकती हूं को भी घोषणा पत्र में शामिल करते हुए 40 फीसदी टिकट देने की बात कही गई है। स्मार्ट फोन व स्कूटी दिए जाने का भरोसा दिलाया गया है।
महिलाओं को 03 गैस सिलेंडर हर साल मुफ्त में दिए जाएंगे तथा फ्री बस सेवा का लाभ दिलाया जाएगा। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। 1000 रुपये पेंशन दी जाएगी। आंगनबाड़ी को 10 हजार प्रति माह वेतन दिया जाएगा। प्रदेश में वीरांगनाओ के नाम पर 75 दक्षता विद्यालय खोले जाएंगे। चुनावी घोषणा पत्र के सभी वचन निभाने जा लुईस खुर्शीद ने वादा किया है।
चन्द्रपाल
