लखनऊ (हि.स.)। निकाय चुनावों में आरक्षण पर आये हाईकोर्ट के फैसले पर कांग्रेस ने योगी सरकार को घेरा है।उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि भाजपा और योगी सरकार आरक्षण खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश की आड़ में भारतीय जनता पार्टी पिछड़े वर्गों सहित दलित वंचित समुदाय का आरक्षण निकाय चुनाव में खत्म करने पर आमादा है। सरकार की मंशा पिछड़े वर्गों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार को तुरंत उच्च अधिकार सम्पन्न कमेटी बनाकर पिछड़े वर्गों का प्रतिनिधित्व पूरा करने के लिए रिपोर्ट बनाकर अविलब उच्च न्यायालय को सौंपना चाहिए था। इस काम में जानबूझ कर की गई देरी बताती है कि योगी सरकार मूलतः पिछड़ा विरोधी है और निकाय चुनावों में पिछड़ों का आरक्षण खत्म करने में आमादा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अगर पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने की होती तो पहले ही ट्रिपल टेस्ट कराकर आरक्षण की व्यवस्था लागू की गई होती ताकि कोर्ट में कोई विपरीत परिस्थिति न उत्पन्न होने पाती। सरकार नहीं चाहती है कि निकाय चुनाव हो और ओबीसी को आरक्षण मिले।
उपेन्द्र
