Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकांग्रेस ने किसानों के मुद्दे को लेकर जारी किया श्वेतपत्र

कांग्रेस ने किसानों के मुद्दे को लेकर जारी किया श्वेतपत्र

लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कृषि एवं किसानों के मुद्दे को लेकर श्वेत पत्र जारी किया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर बुधवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्वेत पत्र जारी किया।

इस अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि महंगाई से निजात पाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना होगा। भारत किसानों का देश है। नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी, लेकिन उत्तर प्रदेश में समर्थन मूल्य पर फसल की खरीदारी नहीं हो रही है। किसान लगातार घाटे में जा रहा है। किसानों की औसत आमदनी 27 रुपये है, वहीं हर किसान पर 74 हजार कर्ज है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तक कृषि यंत्रों पर टैक्स नहीं लगता था। भाजपा सरकार ने पहली बार किसानों पर टैक्स लगाया। कृषि में उत्पादन लागत बढ़ रही है और आय में निरन्तर कमी हो रही है। उत्तर प्रदेश में गाय के नाम पर राजनीति हो रही है। उत्तर प्रदेश में गौशालाओं में गाय मर रही हैं, लेकिन गौशाला चलाने वाले मोटे हो रहे हैं। किसानों का भला करने के लिए दो तीन कदम उठाने होंगे। पहला, किसानों के सिर से ऋण का बोझ उतारा जाए। दूसरा, किसानों को उचित मूल्य दिया जाए और छुट्टा जानवरों से किसानों को निजात दिलाई जाय। श्वेतपत्र जारी करने के समय पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री, पूर्व सांसद प्रदीप जैन आदित्य, सुप्रिया श्रीनेत और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular