देहरादून (हि.स.)। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपालन ने पंजाब प्रभारी पद से हटाकर उनके स्थान पर हरीश चौधरी को पंजाब एवं चंडीगढ़ का प्रभारी बनाया है। हरीश रावत कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य के रूप में कार्य करते रहेंगे।
शुक्रवार को केसी वेणुगोपालन की ओर से लिखे पत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत को पार्टी ने पंजाब प्रभारी के पद से हटा दिया है। कांग्रेस ने उनकी जगह हरीश चौधरी को पंजाब और चडीगढ़ का नया प्रभारी बनाया है। पिछले कई दिनों से हरीश रावत उत्तराखंड की राजनीति में भूमिका निभाने के लिए पंजाब के प्रभार से मुक्ति चाह रहे थे। हरीश रावत का तर्क था कि उत्तराखंड में चुनाव हैं, ऐसे में उनका ध्यान केवल उत्तराखंड की ओर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य में आपदा के समय प्रभावित जनता को पूरा समय नहीं दे पा रहे हैं, ऐसे में केंद्र ने उनकी मांग को देखते हुए उन्हें पंजाब प्रभारी पद से हटा दिया है।
