मेरठ (हि.स.)। सहारा और पल्स कंपनियों में लोगों की गाढ़ी कमाई के पैसों की वापसी को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रªेट पर प्रदर्शन करके सरकार से लोगों का पैसा वापस दिलाने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश काजला के नेतृत्व में मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रªेट पर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सहारा औऱ पल्स कम्पनियों ने करोड़ों लोगों को भारी मुनाफे का लालच देकर उनका पैसा विभिन्न योजनाओं में लगवाया। लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई के पैसों को इन कंपनियों में जमा करवा दिया। सालों बाद भी लोगों को उनका पैसा नहीं मिल पा रहा है। कई सालों से लोग कंपनियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका पैसा नहीं मिल पा रहा। सरकार भी लोगों को उनका पैसा दिलवाने में नाकाम है। सरकार के पास भी कंपनियों द्वारा ठगे गए लोगों का कोई रिकार्ड नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सहारा और पल्स कंपनियों ने लाखों गरीब लोगों को ठगा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी लोगों को पैसा नहीं दिया गया है। सहारा व पल्स कम्पनियों में निवेश करने वाले प्रदेश के गरीब लोगों की सूची बनाकर उनका पैसा वापस कराया जाए।
इस अवसर पर हरिकिशन अंबेडकर, मदन मेघवाल, मोनिन्दर सूद, सगठन प्रभारी महेन्द्र शर्मा, अनिल शर्मा, रविन्द्र सिंह, मनजीत सिंह कोछड़, महेन्द्र गुर्जर, सुमित विकल, इमरान अख्तर, सुशील सैनी, रॉबिननाथ गोलू आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
