लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मंगलवार को ‘‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’’ मैराथन आयोजित की गयी। कांग्रेस द्वारा आयोजित मैराथन में बड़ी संख्या में युवतियां शामिल हुईं।
मैराथन को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला ने झंडा दिखाकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू एवं भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास भी उपस्थित रहे।
मैराथन में हजारों की संख्या में शामिल युवतियों ने 55 किलोमीटर की दूरी पूरी की। मैराथन को पारदर्शी बनाने एवं सुचारू रूप से संचालित व सम्पन्न कराने के लिए ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही थी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डाॅ. उमा शंकर पाण्डेय ने कि तमाम अवरोधों के बावजूद लड़कियों की ऐतिहासिक भागीदारी ने प्रियंका गांधी वाड्रा के लोकप्रिय नारे ‘‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’’ के साथ उनके जुड़ाव एवं लगाव पर मुहर लगा दी।
प्रवक्ता ने कहा कि लखनऊ मैराथन को धारा 144 और कोविड का हवाला देकर निरस्त करने का प्रयास किया गया था। यह बेटियों के विरूद्ध योगी सरकार का कुचक्र था। 1090 चौराहे पर कार्यक्रम की निरस्तीकरण के बाद इकाना स्टेडियम में भी कार्यक्रम में अवरोध उत्पन्न करने की भरपूर कोशिश की गयी। स्टेडियम के अन्दर कार्यक्रम करने की इजाजत नहीं दी गयी। स्टेडियम के बाहर कार्यक्रम करने को विवश किया गया। कार्यक्रम स्थल पर आयोजन के अनुरूप बड़ा मंच बनाने की मनाही की गई।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि चुनावी साल में बौखलाई हुई योगी सरकार इस कार्यक्रम को रोकने की भरपूर कोशिश कर रही है। तमाम अड़चन डाल कर बेटियों को दौड़ने से रोकना चाह रही है। मैराथन को बदनाम करने का प्रयास भी कर रही है। लड़कियों ने योगी सरकार की इस नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है।
बृजनन्दन
