बस्ती (हि.स.)। जनपद में भानपुर तहसील क्षेत्र में किसान सम्मेलन में पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की योगी सरकार कांग्रेस की बढ़ती जनाधार से घबरा गई। विपक्ष को रैली नहीं करने दे रही है। प्रशासन के बल पर विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है, लेकिन विपक्ष किसानों,नौजवानों,गरीबों की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।
बैड़वा समय माता परिसर में आयोजित किसान सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए श्री बघेल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में महंगाई लगातार बढ़ रही है। सरकार के पास रोकथाम के लिए कोई एजेंडा नहीं है। केवल इनको जनता सबक सिखा सकती है और सबक देने का समय आ गया है। आने वाले विधानसभा चुनाव मे एकजुट होकर इनकी विदाई कर दे, अपने आप महंगाई कम हो जाएगी।
डबल इंजन की सरकार महंगाई कम करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। अभी जल्द हुए उपचुनाव मे हिमांचल प्रदेश तथा कर्नाटक की जनता ने इन्हें सबक सिखा दिया है और वहां पर पेट्रोल तथा डीजल के दामों में गिरावट आ गयी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार चाह रही थी कि मैं यहां न आऊं । इसलिए प्रशासन ने मेरा हेलीकाप्टर नहीं उतरने दिया। जिससे मुझे सभास्थल से करीब 30 किलोमीटर गाड़ी से आना पड़ा, लेकिन हमें कोई परेशानी नही है क्योंकि हम किसानों से अपनी बात कहने और उनकी बात सुनने आए हैं। जब केन्द्र में कांग्रेस पार्टी की सरकार थी तब भाजपा सड़क पर प्रर्दशन करती थी, कहती थी कि हम किसानों के हितों के लिए काम करेंगे। जब इनकी सरकार केन्द्र तथा उत्तर प्रदेश मे आयी तो किसानों,नौजवानों को भूल गए हैं।
झूठा वादा कर रहे हैं कि हम किसानों के हितों के लिए कार्य कर रहे हैं।प्रदेश के किसान दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन जब उन्हें फसल सींचने की आवश्यकता होती है तो डीजल का उपयोग करना पड़ता है। डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं और किसान मजबूरन इतने महंगे दाम पर डीजल खरीदकर खेत की सिंचाई करता है।
श्री बघेल ने कहा कि महंगाई को कम करने के नाम पर जनता को बेवकूफ बनाकर उनसे वोट लिया गया और महंगाई बढ़ाकर उनको परेशान किया जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की है कि एकजुट होकर कांग्रेस का समर्थन करें। महंगाई अपने आप कम हो जाएगी। डीजल व पेट्रोल के दामों में भी भारी गिरावट आएगी।
