Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश सचान हुए भाजपाई, बिंदकी से लड़ सकते...

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश सचान हुए भाजपाई, बिंदकी से लड़ सकते हैं चुनाव

– भोगनीपुर से पत्नी को लड़ाना चाहते हैं चुनाव

कानपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हो रहे विधान सभा चुनाव के बीच राजनीतिक दलों में नेताओं का आना जाना बना हुआ है। इसी बीच कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व कानपुर के दिग्गज नेता राकेश सचान ने भाजपा का दामन थाम लिया है। सूत्रों के अनुसार फतेहपुर की बिंदकी सीट से राकेश सचान चुनाव लड़ सकते हैं और पत्नी सीमा सचान के लिए भोगनीपुर से टिकट मांग रहे हैं।

कानपुर में तृतीय चरण के तहत विधान सभा चुनाव होने हैं और कुछ सीटों को छोड़कर सभी राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिये हैं। जिन सीटों पर उम्मीदवार घोषित नहीं किये गये हैं उन पर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही है। उन सीटों में भाजपा की ओर से कानपुर देहात की भोगनीपुर और फतेहपुर जनपद की बिंदकी सीट है। इन दोनों सीटों पर भाजपा ने अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया। इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि कांग्रेस के दिग्गज नेता राकेश सचान भाजपा में आ रहे हैं और गुरुवार को इस बात पर मुहर भी लग गई। राकेश सचान भाजपा के उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी के सामने भाजपा की सदस्यता ले ली।

बिंदकी से लड़ सकते हैं चुनाव

भाजपा में शामिल होने के बाद यह कयास लगाया जा रहा है कि राकेश सचान फतेहपुर जनपद की बिंदकी विधान सभा से चुनाव लड़ सकते हैं। यह भी चर्चा है कि राकेश सचान ने कानपुर देहात की भोगनीपुर सीट पर पत्नी सीमा सचान को चुनाव लड़वाना चाहते हैं। यह दोनों विधान सभा सीटें उनकी जाति बिरादरी यानी कुर्मी बाहुल्य हैं और राकेश सचान का यहां पर अच्छा जनाधार भी है।

फतेहपुर से रह चुके हैं सांसद

कानपुर की घाटमपुर सीट से 1993 और 2002 में विधायक रहे राकेश सचान 2009 के लोकसभा चुनाव में फतेहपुर सीट से सपा से सांसद भी रह चुके हैं। 2014 में फतेहपुर से सपा से ही लोकसभा का चुनाव लड़े और मोदी लहर में हार गये। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा से टिकट न मिलने की संभावना पर कांग्रेस का दामन थाम लिया।

कांग्रेस ने फतेहपुर से लोक सभा का उम्मीदवार बनाया और चुनाव हार गये। इसके पहले उनकी पत्नी सीमा सचान उप चुनाव में कानपुर देहात की सिकंदरा सीट से सपा से चुनाव लड़ी और दूसरे नंबर पर रही। राकेश सचान की कानपुर नगर और कानपुर देहात से लेकर फतेहपुर जनपद में अच्छी पकड़ मानी जाती है।

अजय/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular