लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुकलेट ‘चार साल चौपट हुआ हाल’ का विमोचन किया। बुकलेट के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश की सरकार की नाकामियों को बताने का प्रयास किया है।
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस पार्टी ने अनोखे तरीके से विरोध करते हुए बुकलेट चार साल चौपट हुआ हाल का विमोचन किया। इस बुकलेट को कांग्रेस पार्टी की तरफ से सोशल मीडिया के माध्यम से और जिले की इकाईयों के माध्यम से पूरे प्रदेश में बंटवाने की तैयारी है।
माल एवेन्यू स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय पर बुकलेट विमोचन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि उप्र की राजधानी में चारों तरफ सरकार की उपलब्धियों वाली झूठी होर्डिंग लगायी गयी है। प्रदेश में आयेदिन अपराध से जुड़े नये मामले सामने आ रहे हैं। सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार में बढ़ोत्तरी हुई है। बेरोजगारी चरम पर है और सरकार होर्डिंग लगाकर लाखों नौकरियां देने का दावा कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी की चार साल की सरकार ने सबकुछ पूरी तरह से चौपट कर दिया। कांग्रेस ने चार साल के हाल को बताने वाले बुकलेट को लाया है। जिसमें प्रदेश सरकार के चार साल चौपट हुआ हाल लिखा हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने बुकलेट विमोचन के बाद पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान नसीमुद्दीन सिद्दकी, आराधना मिश्रा सहित तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
