कांग्रेस के प्रति 84 वाली चाहत प्रियंका गांधी के प्रतिज्ञा यात्रा और रैलियों में दिखी
वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय राय ने दावा किया है कि प्रियंका गांधी के प्रतिज्ञा यात्रा में लोगों में पार्टी के प्रति वर्ष 1984 वाली चाहत दिख रही है। जिस तरह तत्कालीन पार्टी नेतृत्व इंदिरा गांधी अब स्वर्गीय ने ऐतिहासिक बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की थी। आज ठीक वैसी ही परिस्थितियां उत्तर प्रदेश में बनती हुई दिख रही है।
पूर्व मंत्री मंगलवार को अपने लहुराबीर महामंडल नगर स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। पूर्व मंत्री अजय राय ने प्रतिज्ञा यात्रा में मिले जनता से फीडबैक को साझा कर बताया कि जबसे महासचिव प्रियंका गांधी प्रदेश में आई हैं, पार्टी के प्रति लोगों का रूझान बढ़ रहा है। प्रियंका गांधी ने महिलाओं, बच्चियों, किसान, मजदूर और दलित भाइयों के साथ हुए सत्ता प्रायोजित अपराध का दिन हो चाहें रात, सड़क पर उतरकर न सिर्फ विरोध किया बल्कि अपराधियों को सलाखों के पीछे धकेलने का काम किया है। जनता के हितों को लेकर जिस तरीके से सड़क पर उतरकर प्रियंका ने संघर्ष किया तथा जनता के हितों को लेकर अपने अविचल निर्णयों के बल पर प्रदेश की योगी सरकार के दम्भ को तोड़ा है, वह अपने आप में सारी कहानी कह देता है।
राय ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से राजनीति के केंद्र में आम आदमी के हितों को रखा। यह कांग्रेस का इतिहास उठाकर देख लीजिए। जब कभी भी कांग्रेस ने जनमत का विश्वास खोया है, उसके बाद कांग्रेस ने दोगुने बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है।
पूर्व विधायक ने एक सवाल के जबाब में कहा कि प्रियंका गांधी के रैली और सभाओं में जो भीड़ जुट रही है वह स्वत: स्फूर्त है। भाजपा की रैलियों की तरह नहीं है जहां लोगों को पैसे के दम पर और सरकारी कर्मचारियों को लाया जा रहा है।
अजय राय ने कहा कि जनता सपा, बसपा और भाजपा के जातिवाद, सम्प्रदायवाद और परिवारवाद से त्रस्त हो चुकी है। आज जनता मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, सरकारी तंत्र के दुरुपयोग से त्रस्त है। जनता में गहरी उदासी और मायूसी है। जनता कांग्रेस को भरोसे से देख रही है। जनता अब एक निर्णायक बदलाव के मूड में है, जिसे साफ-साफ़ देखा जा सकता है। वार्ता में जिला एवं महानगर अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेंद्र चौबे, शैलेन्द्र कुमार सिंह, ओमप्रकाश ओझा आदि उपस्थित रहे।
