Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकांग्रेस के पूर्व विधायक दलजीत सिंह भाजपा में शामिल

कांग्रेस के पूर्व विधायक दलजीत सिंह भाजपा में शामिल

बांदा (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व विधायक दलजीत सिंह ने सोमवार को लखनऊ में भाजपा कार्यालय पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनको तिंदवारी सीट से प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

तिंदवारी विधानसभा सीट से दलजीत सिंह 2012 में कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। इसके बाद 2017 में सपा और कांग्रेस के संयुक्त प्रत्याशी के रूप में उन्होंने चुनाव लड़ा था लेकिन भारतीय जनता पार्टी के बृजेश प्रजापति को जीत नसीब हुई और दलजीत सिंह तीसरे स्थान पर पहुंच गए थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का नाम लेना छोड़ दिया, यहां तक की पिछले दिनों उन्होंने कहा था कि वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ेंगे, चाहे भले ही निर्दलीय ही क्यों न चुनाव लड़ना पड़े। उनकी इस घोषणा के बाद यह तय हो गया था कि अब वह कांग्रेस से चुनाव नहीं लड़ेंगे। इस बीच भाजपा विधायक रहे बृजेश प्रजापति पाला बदलकर सपा में चले गए जिससे भाजपा इस सीट पर किसी दमदार प्रत्याशी को लड़ाने की रणनीति बना रही थी। इसी रणनीति के तहत दलजीत सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

तिंदवारी सीट से बसपा ने जयराम सिंह, आम आदमी पार्टी ने अवधेश सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा से अगर दलजीत सिंह प्रत्याशी होंगे तो इस सीट पर एक साथ तीन ठाकुर प्रत्याशी मैदान में होंगे। अब केवल प्रमुख दलों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशी का चुनाव मैदान में आना बाकी है। इसके बाद इस सीट पर प्रत्याशियों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

अनिल

RELATED ARTICLES

Most Popular