सहारनपुर (हि.स.)। कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद ने कांग्रेस का साथ छोड़कर अब साइकिल की सवारी करेंगे।
सोमवार को उन्होंने अपने आवास पर इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि उप्र में भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला है। प्रदेश में भाजपा काे रोकने के लिए वह अखिलेश यादव से हाथ मिला रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने समर्थकों की मीटिंग बुलाई थी। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान करते हुए सपा में शामिल होने की घोषणा भी की।
कांग्रेस में मिला सम्मान, भाजपा को रोकना जरूरी
पत्रकारों द्वारा कांग्रेस को छोड़ने के सवाल का जवाब देते हुए इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस में सम्मान मिला लेकिन उप्र में भाजपा को रोकना बेहद जरूरी है, इसलिए वह साइकिल पर सवार हो रहे हैं। उनके इस बयान से यही माना जा रहा है कि इमरान मसूद को यह लग रहा था कि यूपी में कांग्रेस का सिक्का नहीं उठ रहा है इसलिए उन्होंने कांग्रेस को छोड़ा।
कांग्रेस नेता इमरान मसूद किन शर्तों पर समाजवादी पार्टी ज्वॉइन करने जा रहे हैं, इस सवाल पर भी उन्होंने कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि अभी मैं सिर्फ सपा ज्वॉइन कर रहा हूं। आगे क्या होगा, यह आगे पता चलेगा। उन्होंने कहा कि पूरा जिला उनका है, वह कहां से चुनाव लड़ेंगे, अभी पता नहीं, फिलहाल सिर्फ सपा के साथ हाथ मिलाया है। चुनाव कहां से लड़ेंगे, क्या करेंगे, इसकी बातें आगे होंगी।
सपा की तारीफ शुरू
कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने सपा ज्वॉइन करते हुए समाजवादी पार्टी की तारीफ के पुल बांधने शुरू कर दिए। उन्होंने कहा कि वह यूपी में ऐसी सरकार चाहते हैं जो विकास पसंद करती हो। विकास वाली सरकार हो।
शिवमणि
