Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकांग्रेस की हार का ठीकरा अजय लल्लू के ऊपर फोड़ना गलत :...

कांग्रेस की हार का ठीकरा अजय लल्लू के ऊपर फोड़ना गलत : जीशान हैदर

प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश के प्रभार से हटाया जाए

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की बुरी तरह पराजय के बाद पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाने के बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जीशान हैदर को कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था। जीशान हैदर ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी को हटाने की मांग की है।

सोनिया को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की हार का ठीकरा सिर्फ और सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के ऊपर फोड़ना गलत है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि जब उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी स्वयं हों तो अध्यक्ष अपनी मर्जी से एक चपरासी भी नहीं रख सकते थे और यह पूरे प्रदेश की कांग्रेस को पता है।

उन्होंने लिखा कि जब भी विधान सभा चुनाव कांग्रेस पार्टी हारी है तो हमेशा प्रभारी ने और प्रदेश अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया है। चाहे 2012 का विधान सभा चुनाव हो जिसमें दिग्विजय सिंह और डा. रीता बहुगुणा जोशी ने इस्तीफा दिया था जबकि मत प्रतिशत व सीटें भी बढ़ी थीं। उसके बाद 2017 के विधान सभा चुनाव में भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने इस्तीफा दिया था। वर्ष 2022 के विधान सभा चुनाव में हार के बाद प्रियंका गांधी का भी इस्तीफा मांगना चाहिए। जब तक प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की प्रभारी रहेंगी, उनके वही नौकर और उनकी वही टीम काम करेगी जिसकी वजह से 387 विधान सभा क्षेत्रों में कांग्रेस की जमानत जब्त हुई है क्योंकि प्रियंका उनको हटाने को तैयार नहीं हैं। इसलिए प्रियंका को उत्तर प्रदेश के पदभार से मुक्त किया जाना चाहिए।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular