लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने आरोप लगाया है कि गृहमंत्री अमित शाह सरकारी पैसे से रैलियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी की रैलियों में जनता के सरोकार वाले मुद्दों पर बात के बजाय अनर्गल बातें हो रही हैं जिसका उत्तर प्रदेश के विकास से कोई वास्ता नहीं है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अमित शाह परिवारवाद, पक्षपात और पलायन की बात कर रहे हैं जबकि हकीकत यह है कि भाजपा टिकट बंटवारे में 30 प्रतिशत भागीदारी भाजपा नेताओं के परिवार वालों को देती है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने जा रही है । बेरोजगारी इतनी बढ़ गई है कि युवा दूसरे प्रदेशों को पलायन करने के लिए मजबूर हैं। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सरकार बनने पर 20 लाख रोजगार देने का वादा कर रही है ,जिसमें 40 प्रतिशत महिलाओं की हिस्सेदारी होगी।
अजय लल्लू ने आगे कहा कि अमित शाह को राहुल गांधी पर टिप्पणी करने से पहले राहुल गांधी के बयान को पूरा सुनना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी नाली की गैस से चूल्हा जलाने की बात करते हैं । अमित शाह उत्तर प्रदेश को नंबर वन बनाने के लिए 5 साल और मांग रहे हैं । जबकि पिछले 5 सालों में उत्तर प्रदेश अपराध, महिला अत्याचार और बेरोजगारी में नंबर वन बना है । लोगों की कमाई घटी है और महंगाई बढ़ी है। अमित शाह कोरोना काल में ऑक्सीजन संकट पर और गंगा में तैरती लाशों कुछ नहीं बोलते।
अजय कुमार लल्लू ने आगे कहा कि अगर एक बार और भाजपा सरकार आ गई तो बेरोजगारी की वजह से युवाओं का पलायन और बढ़ेगा। किसान को एक तरफ लागत नहीं मिल रही, दूसरी तरफ छुट्टा जानवर से परेशान है । किसान आत्महत्या करने को मजबूर है ।
बृजनन्दन
