लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ के माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर टॉयलेट की जगह भगवान की मूर्ति और प्रियंका वाड्रा की तस्वीर मिलने से प्रशासन हरकत में आ गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने वहां से मूर्ति को हटा दिया है।
राजस्थान से लखनऊ आये युवा बेरोजगारों को कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय पर धरना देते आज पांच दिन बीत गये हैं। युवा बेरोजगारों की मांगों को मानने की बजाय लगातार उन्हें बदनाम करने की कोशिश हो रही है। कांग्रेस राजस्थान के बेरोजगारों को भाजपा का एजेंट बता रही है।
गुरूवार को कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के समीप टॉयलेट के स्थान पर भगवान की मूर्ति और प्रियंका गांधी की तस्वीर रखी देखी गयी। इसे बेरोजगारों ने कांग्रेस की हरकत बताया है।
राजस्थान एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि लखनऊ कांग्रेस के कार्यकर्ता षड्यंत्र रचने में लगे हुए हैं। हम लोगों को फंसाने के लिए रात को भगवान की मूर्ति एवं प्रियंका गांधी की तस्वीर वहां रखी हैं जहां अभ्यर्थी टॉयलेट के लिए जाते हैं।
उपेन यादव का कहना है कि युवा बेरोजगारों को भगाने के लिए हमें कभी भाजपा का एजेंट बताया कभी एनएसयूआई तो कभी कांग्रेस कार्यकताओं से प्रदर्शन करवाया, कभी भगवान की मूर्ति और प्रियंका गांधी की तस्वीर टॉयलेट की जगह रखवाकर बेरोजगारों को बदनाम करने की पूरी कोशिश की गयी। अच्छा होता कि कांग्रेसी हमें प्रियंका गांधी से मिलवाने की कोशिश करते।
उपेन ने कहा कि हमें भगाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता छोटी-छोटी हरकतें कर रहे हैं जो कांग्रेस के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता उमाशंकर पाण्डेय ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि उनके आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। कार्यालय के आसपास तो होर्डिंग लगी ही रहती हैं। प्रियंका गांधी हमारी नेता हैं। कांग्रेस का कार्यकर्ता अपनी नेता का फोटो ऐसे स्थान पर क्यों रखेगा।
वहीं सोशल मीडिया पर भी इस घटना की निन्दा हो रही है। रचना मिश्रा ने ट्वीट किया है कि भगवान की प्रतिमा का अपमान नहीं होना चाहिए। जिसने ये किया उसे ईश्वर सदबुद्धि दे, लेकिन इस तरह का षड्यन्त्र रचने वालों को ईश्वर कभी माफ़ नहीं करेगा, इन बेरोज़गारों के हौसले और सहनशीलता को भी सलाम।
सुधीर विश्नोई ने ट्वीट किया है कि बेरोजगारों को बदनाम करने के लिए लखनऊ में बहुत सारे षड्यंत्र रचे जा रहे हैं, भाजपा के दलाल वाला दाव फेल होने के बाद आईटी सेल वालों ने टॉयलेट वाले स्थान पर प्रियंका गांधी की फोटो तथा भगवान की मूर्तियां रखकर बदनाम करना शुरू कर दिया है।
