लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस नेताओं और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बीच चल रही जुबानी जंग पर बसपा प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने तंज कसा है।
बसपा नेता आकाश आनंद ने रविवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि, पिछले दो दिनों से कांग्रेस और सपा में खूब बयानबाजी हो रही है। इससे यह साफ है कि दोनों दलों के पास भाजपा से लड़ने का कोई वैचारिक आधार नहीं है। ये लोग केवल सत्ता पाने के लिए गठजोड़ करने के जुगाड़ में लगे हैं।
उत्तर प्रदेश में सपा का आधार अब खत्म हो चुका और अखिलेश यादव जनता में विश्वसनीयता खोते जा रहे हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के विरोध में मुस्लिम समाज ने सपा को वोट किया था। अब सभी यही मानते हैं कि सपा को वोट देकर गलती हुई।
मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में टिकटों के बंटवारे को लेकर विपक्षी गठबंधन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता आमने-सामने आ गए हैं। उनमें जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी बीच अखिलेश यादव ने भी कांग्रेस पर अपना बयान दिया था।
दीपक/दिलीप
