– पिछले दो सप्ताह पहले एक महिला की हो चुकी है डेंगू से मौत
– सूचना के बाद भी आज तक क्षेत्र में नहीं पहुंची स्वास्थ्य टीम, न ही हुआ छिड़काव
औरैया(हि.स.)। कस्बा कंचौसी व आस पास क्षेत्र के गांव नौगवां, बटाहा, विजयीपुरवा, महिपालपुरवा, ढिकियापुर, लछियामाऊ, मधवापुर, कनमऊ,अमरपुर आदि गावों में बुखार ने अपने पांव पूरी तरह पसार दिए हैं। इन सभी गांवों में लगभग दो दर्जन से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं और स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के चलते पीड़ितों को निजी चिकित्सकों की शरण लेनी पड़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग की इसी लचर व्यवस्था के कारण झोलाछापों की भी चांदी कट रही है। पुरवा महिपाल में एक ही घर में तीन लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं। जिनमें एक ही हालत चिंताजनक होने के कारण कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, नोगवा निवासी जितेंद्र दीक्षित का इलाज दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में चल रहा है।
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहार अधीक्षक डॉ राकेश सिंह का कहना है कि स्टाफ कम होने की वजह से सभी जगह टीम नहीं भेजी जा रही है। बुखार के मरीज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाएं व अगर उनकी जांच में डेंगू पॉजिटिव निकलता है तो उनका इलाज स्वास्थ्य केन्द्र पर किया जाएगा।
