Thursday, March 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकलक्ट्रेट में फूट-फूट कर रो पड़ीं भाजपा की महिला पार्षद

कलक्ट्रेट में फूट-फूट कर रो पड़ीं भाजपा की महिला पार्षद

मेरठ (हि.स.)। नगर निगम की बोर्ड बैठक में महिला पार्षद से अभद्रता और इसके बाद पार्षदों की पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा ने महिला पार्षद से अभद्रता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पीड़ित महिला पार्षद फूट-फूटकर रो पड़ीं।रालोद नेताओं ने एडीजी से मिलकर राज्य मंत्री और एमएलसी पर कार्रवाई की मांग की।

भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में बुधवार को महिला कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर महिलाओं की सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 30 दिसम्बर को बोर्ड बैठक में विपक्षी पार्षदों ने महिला पार्षद से अभद्रता की। इसके बाद भी पुलिस प्रशासन आरोपितों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। अपनी बात कहते-कहते पीड़ित महिला पार्षद रेखा सिंह फूट-फूट कर रो पड़ीं। अन्य महिला नेत्रियों ने उन्हें चुप कराया।

महिला नेत्रियों ने अपनी ही सरकार में महिलाओं की सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर सुनवाई नहीं हुई तो यहीं बैठकर आंदोलन करेंगे। महिलाओं ने ‘नारी के सम्मान में, भाजपा मैदान में’ के नारे लगाए और हाथों में जातिसूचक शब्द नहीं सहेंगे लिखी तख्यिां ले रखी थीं। इसके बाद जिलाधिकारी दीपक मीणा को ज्ञापन देकर आरोपित बसपा-सपा पार्षदों पर मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तारी की मांग की। इस अवसर पर एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल, पूजा बंसल, महानगर अध्यक्ष गीता शर्मा, पार्षद रेखा सिंह, बबीता खन्ना, सुनीता प्रजापति, रेशमा सोनकर, अनीता विधार्थी, विमला देवी, मीनाक्षी भराला, दीपिका शर्मा, कविता राही आदि उपस्थित रहीं।

रालोद राष्ट्रीय महासचिव पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय सचिव डॉ. राजकुमार सांगवान, नरेंद्र खजूरी, अशोक चौधरी, सतपाल यादव, डॉ. राहुल चौधरी ने नए एडीजी ध्रुवकांत ठाकुर से मिलकर मारपीट करने वाले राज्य मंत्री और एमएलसी पर कार्रवाई की मांग की। एडीजी ने उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

डॉ. कुलदीप/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular