मेरठ(हि.स.)। आईजीआरएस शिकायतों का हाल जानने के लिए मेरठ कलक्ट्रेट में सोमवार से कियोस्क मशीन ने काम करना शुरू कर दिया। फरियादी मशीन के जरिए अपनी शिकायत का हाल जान सकेंगे।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सोमवार को कलक्ट्रेट में आईजीआरएस कियोस्क मशीन का उद्घाटन किया। जिलाधिकारी ने बताया कि अब आईजीआरएस की शिकायतों का निस्तारण देखना आसान हो गया है। इस कियोस्क मशीन की सहायता से कोई भी शिकायतकर्ता अपनी संदर्भ संख्या एवं मोबाइल नंबर डालकर अपनी शिकायतों का निस्तारण देख सकता है। गरीब तबके के व्यक्ति जो मोबाइल नहीं चला पाते हैं, वह यहां आकर कियोस्क मशीन की सहायता से अपनी शिकायत का निस्तारण कार्यालय कर्मचारी के सहयोग से आसानी से जान सकते है। अब तक शिकायतकर्ता मोबाइल व साइबर कैफे के माध्यम से प्रिन्ट आउट निकालते हैं और अपनी शिकायत के निस्तारण के बारे में जान पाते हैं। आईजीआरएस मशीन लग जाने से कोई भी व्यक्ति इससे निःशुल्क अपनी शिकायत के निस्तारण के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है। कियोस्क मशीन के माध्यम से समय के साथ-साथ धन की भी बचत होगी। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने केनरा बैंक के सौजन्य से लगाये गये वॉटर कूलर का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा, नगर मजिस्टेªट अमरेश कुमार, ईडीएम मनोज यादव आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
