प्रयागराज (हि.स.)। सिविल लाइंस स्थित जीजीआईसी मैदान पर गुरूवार को कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी, पुरानी पेंशन अधिकार मंच के आह्वान पर लोक निर्माण विभाग के सैकड़ों कर्मचारियों ने विशाल धरना प्रदर्शन कर पुरानी पेंशन के लिए हुंकार भरी। इसके उपरांत मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र एडीएम को सौंपा।
मंच के संयोजक बी.के पाण्डेय एवं नियमित वर्कचार्ज के कर्मचारी नेता रविशंकर मिश्र के नेतृत्व में कर्मचारियों का हुजूम धरना स्थल पर पहुंचा। जिसका नेतृत्व श्रीप्रकाश सिंह, राजेंद्र बाबू केशरवानी, सुनील कुमार यादव, रामसुफल वर्मा, मुकेश कुमार, संजय पटेल, राहुल सिंह आदि ने किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी ने कहा कि कर्मचारियों की पुरानी पेंशन जायज मांग सरकार को मान लेनी चाहिए। अन्यथा सरकार की नीतियों और महत्वाकांक्षी योजनाओं को पालन कराने वाले कर्मचारी असहयोग करेंगे, तो सरकार एक दिन भी नहीं टिक पायेगी। उन्होंने कहा कि आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाय।
कार्यक्रम को माध्यमिक शिक्षक संघ के अनुज कुमार पाण्डेय सहित विकास भवन के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी आदि ने सम्बोधित किया। धरना की अध्यक्षता देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव एवं संचालन विनोद कुमार पाण्डेय ने किया।
अध्यक्ष देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र एडीएम को सौंपते हुए कहा कि यदि हमारी मांग नहीं मानी गई तो हम लोग 30 नवम्बर को लखनऊ में विशाल धरना के माध्यम से सरकार को उखाड़ फेंकने का कार्य करेंगे।
