पड़ताल में जुटी एसआईटी की टीम
झांसी(हि. स.)। संडे पुलिस के लिए गुड डे बनकर आया। पुलिस ने आज तीन बड़ी घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए आरोपितों को दबोचने में सफलता हासिल की है। खासकर सीपरी के चर्चित कमलेश यादव हत्याकांड में पुलिस को करीब 6 माह बाद एक सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कमलेश यादव की अवैध पिस्टल और कारतूसों का जखीरा छुपाने के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस तफ्तीश में जुटी हुई है कि आखिर मृतक कमलेश की अवैध पिस्टल वहां पहुंची कैसे ?
थाना सीपरी बाजार में दर्ज कमलेश हत्याकांड की विवेचना कर रही एसआईटी टीम ने तमाम साक्ष्यों के आधार पर ग्राम सिजवाह निवासी जितेंद्र यादव के घर छापेमारी कर उसके घर से कमलेश यादव की अवैध पिस्टल और कारतूसों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने जितेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक जितेंद्र के पास मृतक कमलेश यादव के अवैध कारतूस और पिस्टल कैसे पहुंची, इसकी जांच चल रही है। यह वही पिस्टल है जिसकी चर्चा पुलिस से लेकर पूरे नगर में चर्चा का विषय रही। यह बरामदगी चंद रोज पूर्व दोहराए गए क्राइम सीन के बाद बरामद हुई है। यह भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
महेश
