Saturday, February 14, 2026
Homeव्यापारकमजोरी के साथ रुपये ने की कारोबार की शुरुआत

कमजोरी के साथ रुपये ने की कारोबार की शुरुआत

नई दिल्ली (हि.स.)। डॉलर की मांग में तेजी आने और अन्य 6 प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती के कारण आज रुपये में कमजोरी का रुख बन गया है। मुद्रा बाजार में आज के शुरुआती कारोबार में ही रुपया डॉलर की तुलना में लुढ़कता हुआ नजर आया। रुपये ने आज के कारोबार की शुरुआत कल के क्लोजिंग लेवल की तुलना में 9 पैसे की कमजोरी के साथ की है।

बुधवार सुबह इंटर बैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 9 पैसे की कमजोरी के साथ डॉलर की तुलना में 73.70 रुपये के स्तर पर खुला। मुद्रा बाजार में भी आज सुबह से ही डॉलर की मांग तेज बनी हुई है। इसके साथ ही प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती के कारण डॉलर इंडेक्स भी मजबूत हुआ है।

जानकारों का कहना है कि भारतीय शेयर बाजार में जारी उतार चढ़ाव के कारण विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) द्वारा भी आज अपने पैसे की निकासी करने की संभावना बनी हुई है। इसकी वजह से रुपये पर डॉलर का दबाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। जो आगे चलकर रुपये की कीमत में और गिरावट की वजह बन सकती है।

इसके पहले रुपया पिछले कारोबारी दिन यानी कल मंगलवार को डॉलर की तुलना में 13 पैसे की मजबूती के साथ 73.61 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था।

RELATED ARTICLES

Most Popular