देवरिया( हि . स . )। उच्चधिकारियों के आदेश पर गुरुवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तरकुलवा पुलिस ने खनुआ नाला के सतई घाट से कब्र खोद कर एक किशोरी का शव डेढ़ माह बाद निकाल कर दूसरी बार पोस्टमार्टम कराया ।किशोरी की मां ने मारपीट से मौत का आरोप लगाते हुए किशोरी के शव की दुबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उच्चाधिकारियों से की थी।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के बंजरिया बाजार गांव की रहने वाली सुनैना देवी की बेटी पूजा को फरवरी माह में पड़ोसियों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। सात मार्च को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में किशोरी की फेफड़े में इंफेक्शन से मौत की वजह बताई गई थी। तरकुलवा पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर गांव के ही खजांची प्रसाद पुत्र रामजीत, इंदु पत्नी खजांची, उषा पुत्री खजांची सहित दस लोगों के विरुद्ध धारा 147, 304, 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय में मृतका की मां सुनैना ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को गलत बातते हुए मेडिकल टीम बना कर दुबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग किया था ।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को नायब तहसीलदार धर्मवीर सिंह तरकुलवा थानेदार नवीन सिंह पुलिस बल के साथ खनुआ नाला के सतई घाट से कब्र खोद कर किशोरी का दो घंटे के परिश्रम के बाद पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकल कर दुबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस संबंध में इंस्पेक्टर नवीन सिंह ने बताया कि मृतका की मां सुनैना देवी के प्रार्थना पत्र पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र खोद कर निकाला गया है। उसका दुबारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
ज्योति
