Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बटी एपी संपर्क क्रांति, बड़ा हादसा...

कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बटी एपी संपर्क क्रांति, बड़ा हादसा टला

झांसी (हि.स.)। हजरत निजामुद्दीन से चलकर तिरुपति जा रही एपी सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस (12708) शुक्रवार को झांसी रेल मंडल में बबीना और खजराह के बीच दो हिस्सों में विभाजित हो गई। इसकी जानकारी होते ही ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों में हड़कम्प मच गया। हालांकि बड़ा हादसा टल जाने से विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान ट्रेन 2 घंटे 20 मिनट खड़ी रही।

शुक्रवार को हजरत निजामुद्दीन से चलकर तिरुपति जा रही एपी सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस झांसी रेल मंडल में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन से अपने गंतत्व के लिए रवाना हुई। ट्रेन जब झांसी बबीना और खजराह के बीच में चल रही थी, तभी अचानक एस 3 व एस 4 कोच के बीच कपलिंग टूट गई, जिससे ट्रेन दो हिस्सों में विभाजित हो गई। यह देख यात्रियों में हड़कम्प मच गया। ट्रेन गार्ड की सूचना पर लोको पायलट ने गाड़ी को रोक दिया और इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई।

सूचना मिलने पर सी एंड डब्ल्यू व अधिकारी मौके पर पहुंचे और टूटी कपलिंग को सुधारा गया। इसके कारण ट्रेन 12.07 से 14.28 बजे तक खड़ी रही। 14.28 बजे ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकी। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस घटनाक्रम के पीछे लूज कपलिंग को कारण बताया जा रहा है।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular