कन्नौज (हि.स.)। कन्नौज जिले के सौरीख थाना क्षेत्र के गांव लुखरिया में गुरुवार की सुबह मक्के के खेत में एक संदिग्धावस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई।
कन्नौज के सौरिख थाना के चपुन्ना चौकी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली कक्षा पांच की छात्रा बुधवार को दो बच्चों के साथ खेत पर शौच के लिए गई थी। जिसके बाद से किशोरी लापता हो गई थी। किशोरी के लापता होने की जानकारी होने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
गुरुवार को खोजबीन के दौरान किशोरी का शव पड़ोस के गांव लुखरिया गांव में एक मक्का के खेत में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। शव को देखकर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव को देख परिवार में कोहराम मच गया।
मामले की सूचना मिलते ही एसपी प्रशांत वर्मा, एएसपी डॉ.अरविंद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी ने परिजनों से पूछताछ की। फॉरेसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्यों को एकत्र किया। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक किशोरी दो अन्य बच्चों के साथ शौच के लिए गई थी। लेकिन उसकी बेटी को पकड़ लिया और दोनों बच्चों को छोड़ दिया। जिसके बाद हत्या कर शव को मक्का के खेत में फेंक दिया।
एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, परिजनों की निशानदेही पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
संजीव झा
