Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकन्नौज : शोपियां में आतंकी हमले में मारे गए मजदूरों के गांव...

कन्नौज : शोपियां में आतंकी हमले में मारे गए मजदूरों के गांव में पसरा मातम

कन्नौज(हि.स.)। जम्मू कश्मीर के शोपियां में बीती रात आतंकवादियों ने हमला कर दो मजदूरों की हत्या कर दी थी। ये मजदूर उप्र के कन्नौज जिले के रहने वाले थे। दोनों लोग मजदूरी करने के लिए कश्मीर के शोपियां गए थे। उनकी मौत की सूचना से उनके गृहजनपद में जैसे ही परिवार जनों को मिली, कोहराम मच गया। परिजनों के साथ गांव वाले शवों के आने का इंतजार कर रहे हैं।

कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के दन्नापुरवा गांव के रहने वाले 50 वर्षीय राम सागर पुत्र गज्जा और 40 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र राम अवतार परिवार के पालन पोषण के लिए जम्मू कश्मीर के शोपियां में मजदूरी करने गए थे। जहां बीती रात आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही दोनों मजदूरों की मौत की सूचना उनके गांव में परिजनों को मिली, कोहराम मच गया। सभी बिलख पड़े और इस जानकरी के मिलते ही उन्हें सांत्वना देने वालों का तांता लग गया।

दो महीने पूर्व गए थे मजदूरी करने

ठठिया के दन्नापूर्वा गांव के रहने वाले राम सागर और मनीष करीब दो महीने पहले ही ठेकेदार के साथ मजदूरी करने के लिए कश्मीर गए थे। जिनकी कश्मीर के शोपियां के हरमन में आतंकवादी हमले में मृत्यु हो गई है।

मृतकों के घरों को तलाश कर पहुंचे अधिकारी, परिजनों को बंधाया ढांढस

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कन्नौज जिलाधिकारी को जिले के दो मजदूरों के आतंकी हमले में मारे जाने की जानकारी दी, लेकिन उनके गांव का पता नहीं चल पा रहा था। इस सूचना पर जिलाधिकारी सुभ्रान्त कुमार शुक्ला ने सभी थाना पुलिस को मामले से अवगत कराते हुए मृतकों के गांव पता करने के निर्देश दिए। इसके कुछ समय बाद ही दोनों मृतकों के गांव का पता लगाते हुए पुलिस ने सूचना दे दी। जिलाधिकारी ने कश्मीर के जिलाधिकारी से बात कर दोनों शवों को कन्नौज लाने का प्रयास तेज कर दिया। वहीं अधिकारी मृतकों के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। मृतकों के परिजनों के साथ गांव के लोगों शवों के आने का इंतजार कर रहे हैं।

संजीव झा

RELATED ARTICLES

Most Popular