कन्नौज (हि.स.)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर रफ्तार का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सौरिख के 150 किलोमीटर की है, जहां सवारियों को दिल्ली से बिहार लेकर जा रही बस आगे चल रहे डंपर से टकरा गई।
हादसे में करीब नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम ने घायलों को पीजीआई सैफई में भर्ती कराया। बस में करीब 35 सवारियां मौजूद थी। घटना के बाद चालक डंपर को छोड़कर मौके से भाग निकला। मौके पर पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात शुरू कराया।
दिल्ली से एक बस करीब 35 सवारियों को लेकर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे होकर बिहार राज्य के सिवान जा रही थी। जैसे ही बस सौरिख थाना क्षेत्र के 150 किलोमीटर कट के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे डंपर से बस टकरा गई। टक्कर होते ही बस में बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में बस चालक नीरज पाल (35) पुत्र श्रीकांत पांडे निवासी सिवान, सुनील (35) पुत्र तेज सिंह निवासी बसंतपुर, बलराम (62) पुत्र अवधेश पांडे निवासी गोपालगंज, निभा (55) पत्नी बलराम, गुड़िया (45) पत्नी गुड्डू तिवारी, पप्पू (22) पुत्र रामनाथ निवासी बसंतपुर, सतीश (22) पुत्र अलग प्रसाद, जीनत खान (35) पत्नी इलाज उल शाह निवासी सिवान समेत एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची यूपीडा टीम ने आनन फानन में सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सैफई के पीजीआई में भर्ती कराया। घटना के बाद एक्सप्रेस वे पर यातायात बाधित हो गया। टक्कर के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग निकला। टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात शुरू कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
संजीव झा
