कुशीनगर (हि. स.)। अंतर्राष्ट्रीय महत्व की पर्यटन स्थली कुशीनगर व सटे कसया नगर को बुद्धिज्म थीम पर स्मार्ट सिटी के तर्ज पर विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसकी वृहद कार्ययोजना बनाकर जिलाधिकारी के पास स्वीकृत के लिए भेजा गया है। पूरी योजना पर लगभग 10 करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च की जायेगी। इस महत्वाकांक्षी योजना को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी कुशीनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (कसाडा), नगरपालिका परिषद ने ली है।
योजना के तहत महापरिनिर्वाण पथ की मुख्य सड़क पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त की जायेगी। पाथ-वे व सड़क अलग-अलग किये जायेंगे। स्ट्रीट फूड वेंडर, साग सब्जी फल विक्रेता पाथ वे के अंदर हो जायेंगे। पैदल यात्री पाथ-वे से निर्वाध आवागमन कर सकने के साथ खरीददरी भी कर सकेंगे। वाहनों को केवल नियत स्थान पर ही खड़ा किया जा सकेगा। पथ के दोनों तरफ की दुकानें एक विशेष रंग रूप लिए हुए होंगी।
योजना की डिजाइन तैयार करने वाले आर्किटेक्ट नीरज कुमार वर्मा का कहना है कि डिजाइन में लुक के साथ रोजगार व लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। संवरेगा सपहा रोड: लगातार यातायात जाम की की समस्या से जूझ रहे सपहा रोड पर प्रशासन की नजर पड़ी है। इस रोड को अतिक्रमण मुक्त कराकर पाथ-वे, स्ट्रीट लाइटिंग, ड्रेनेज आदि के कार्य करा सुंदरीकरण कराने की तैयारी है। रोड पर स्थित गांधी उपवन को उच्चीकृत कर पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जायेगा।
गोपाल
