Friday, March 27, 2026
Homeअन्यकतर में आठ भारतीयों की मौत की सजा पर रोक, कोर्ट ने...

कतर में आठ भारतीयों की मौत की सजा पर रोक, कोर्ट ने सजा भी घटाई

नई दिल्ली (हि.स.)। कतर में कथित जासूसी के मामले में फांसी की सजा पाए भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को बड़ी राहत मिली है। कतर की एक अदालत ने उनकी फांसी की सजा पर रोक लगाते हुए सजा को कम कर दिया है। मौत की सजा के खिलाफ भारत की तरफ से अपील दाखिल की गयी थी।

विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में इस बात की पुष्टि की। मंत्रालय ने कहा कि हमने दहरा ग्लोबल मामले में कतर की अपीलीय अदालत के आज के फैसले पर गौर किया है, जिसमें सजा कम कर दी गई है। मंत्रालय ने कहा कि सजा पर विस्तृत फैसले की प्रतीक्षा है। कतर के अधिकारियों के साथ बातचीत जारी रहेगी। हम अगले कदम पर निर्णय लेने के लिए कानूनी टीम के साथ-साथ परिवार के सदस्यों के निकट संपर्क में हैं।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि कतर में हमारे राजदूत और अन्य अधिकारी परिवार के सदस्यों के साथ आज अदालत में उपस्थित थे। हम मामले की शुरुआत से ही उनके साथ खड़े हैं और हम सभी कांसुलर और कानूनी सहायता देना जारी रखेंगे। हम इस मामले को कतर के अधिकारियों के समक्ष भी उठाना जारी रखेंगे। इस मामले की कार्यवाही की गोपनीय और संवेदनशील प्रकृति के कारण इस समय कोई और टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

कतर की अदालत ने 26 अक्टूबर को नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को फांसी की सजा सुनाई थी।

सुशील/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular