अपर पुलिस आयुक्त वाराणसी पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे, सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया, कानपुर की घटना से अफसर अलर्ट
वाराणसी (हि.स.)। ज्ञानवापी श्रृंगार गौरी मामले के साथ कानपुर की घटना को देखते हुए जिला प्रशासन जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट रहा। शुक्रवार को दोपहर से ही पुलिस अफसरों मस्जिदों के आसपास और संवेदनशील इलाकों में फोर्स के साथ पैदल (फुट पेट्रोलिंग) करने लगे। तल्ख धूप और उमस के बीच अफसर फोर्स के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ सुरक्षा प्वाइंट पर भी निगरानी करते रहे। निर्धारित समय से पहले ही नमाजी कड़ी सुरक्षा के बीच श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नम्बर चार से ज्ञानवापी मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए पहुंचने लगे।
जुमे की नमाज में भीड़ न जुटे इसके लिए अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने पत्र जारी कर लोगों से आसपास के मस्जिदों में ही नमाज पढ़ने की अपील की थी। ज्ञानवापी मस्जिद का वजूखाना सील किए जाने के बाद चौथा जुमा यानी शुक्रवार है। नमाज शांतिपूर्वक अदा होने के बाद जब नमाजी मस्जिद से निकल कर अपने घरों और दुकानों के लिए रवाना हुए तो अफसरों ने भी राहत की सांस ली। कानपुर की घटना के बाद जुमे की नमाज को लेकर पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट है। इसी क्रम में वाराणसी को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। ज्ञानवापी मामले के मद्देनजर पूरे शहर में निषेधाज्ञा लागू है। अफसरों ने शहर के मुस्लिम बहुल क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग के साथ ड्रोन कैमरों से भी नजर रख रही थी। ड्रोन कैमरों से मकानों की छतों की निगरानी की जा रही थी।
श्री काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 पर नमाज को लेकर बैरिकेडिंग भी की गई। गेट पर नमाजियों को कड़ी सुरक्षा चेकिंग के बाद ही अंदर मस्जिद परिसर में प्रवेश दिया गया। भीषण गर्मी के बीच दोपहरी में अपर पुलिस आयुक्त वाराणसी सुभाष चंद्र दुबे ने पुलिस बल के साथ सड़क पर उतर कर कानून व्यवस्था पुख्ता होने का लोगों को भरोसा दिलाया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (मुख्यालय) संतोष सिंह के नेतृत्व में मुस्लिम बहुल बजरडीहा इलाके में फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई। सड़क पर मार्च के साथ ही अफसरों ने लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया।
श्रीधर
